नो एंट्री में घुसे ट्रक ने ली श्रद्धालु बुजुर्ग महिला की जान, आगरा में जीवनी मंडी के खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*नो एंट्री में घुसे ट्रक ने ली श्रद्धालु बुजुर्ग महिला की जान, आगरा में जीवनी मंडी के खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा*

 

आगरा। शहर के जीवनी मंडी क्षेत्र में नो एंट्री के बावजूद घुसे एक ट्रक ने खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने सवाल उठाया कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहन आखिर जीवनी मंडी तक कैसे पहुंच गया। मृतका की पहचान जीवनी मंडी निवासी सरला देवी के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब सात बजे वह जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया उनके दोनों पैरों पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में सरला देवी को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना था कि जिस समय क्षेत्र में भारी वाहनों की नो एंट्री रहती है, उस समय ट्रक का जीवनी मंडी जैसे व्यस्त इलाके में पहुंचना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नो एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की।पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। ट्रक चालक और सहायक को हिरासत में लेकर वाहन संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Comment