*आगरा के एकलव्य स्टेडियम में योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास*
*- ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ की थीम पर दिया निरोगी रहने का संदेश*
*- ताज नेचर वॉक में प्रकृति के बीच आमजनों ने किया योगाभ्यास*
*आगरा, 21 जून।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के दिशा- निर्देशन में ताजनगरी आगरा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन पूरे उत्साह और उमंग के साथ किया गया। रविवार को “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” की विशेष थीम पर जिले के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, पालीवाल पार्क, ताज नेचर वॉक और जनपद न्यायालय सहित तहसील, ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर ‘स्वस्थ शरीर और शांत मन’ का संदेश दिया।
*एकलव्य स्टेडियम में 5 हजार लोगों ने किया योगाभ्यास*
मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 6 बजे से शुरू हुआ, जहां लगभग 5 हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, उ.प्र. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। योग ट्रेनर केपी सिंह ने सभी को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया।
*’करें योग, रहें निरोग’, बीमारियों से बचाएगा योग: प्रो. बघेल*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि साल 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव रखा था, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि लोग बीमार होने के बाद इलाज पर लाखों- अरबों रुपये खर्च करते हैं, जबकि योग वह अचूक साधन है जो व्यक्ति को गंभीर बीमारियों से दूर रखता है। उन्होंने सभी से नियमित योग का आह्वान करते हुए कहा कि “करें योग, रहें निरोग” का संदेश जन-जन तक पहुंचना चाहिए।
*योग से शारीरिक और मानसिक सशक्तीकरण: बेबी रानी मौर्य*
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि स्वस्थ शरीर और मन के बिना जीवन में सफलता व आगे बढ़ना संभव नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस तरह महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए योजनाएं बनी हैं, उसी तरह योग को भी वैश्विक मंच पर स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर क्रीडा भारती, पतंजलि योगपीठ, अखिल विश्व गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी संस्थान सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को योग के प्रचार-प्रसार के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, जिला आयुर्वेद व यूनानी अधिकारी सरफ़राज आलम पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया आदि सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*ताज नेचर वॉक और पालीवाल पार्क में प्रकृति के बीच योग*
ताज नेचर वॉक के प्राकृतिक वातावरण में विशेष योग सत्र आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधरोपण कर किया गया। योग गुरु वेद प्रकाश और सतेंद्र शर्मा ने नागरिकों को वृक्षासन, भुजंगासन, मत्स्यासन, उष्ट्रासन और बद्धकोणासन का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और तनाव जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों में 30 मिनट का योग बेहद लाभकारी है। पालीवाल पार्क में एडीए और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में महापौर हेमलता दिवाकर और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सैकड़ों लोगों के साथ योग किया।
*जनपद न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों ने किया तनावमुक्त रहने का अभ्यास*
शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद न्यायालय परिसर में भी विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी जनपद न्यायाधीश पुष्कर उपाध्याय, सीजेएम शारिब अली और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार-I सहित सभी न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। योग अध्यापक लाल सिंह चाहर ने तनावमुक्त और ऊर्जावान रहने के लिए प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। अंत में सभी ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।









