आगरा में ज्वेलरी शोरूम पर चोरों का धावा, शटर का लॉक तोड़कर गोल्ड-डायमंड पर किया हाथ साफ, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*आगरा में ज्वेलरी शोरूम पर चोरों का धावा, शटर का लॉक तोड़कर गोल्ड-डायमंड पर किया हाथ साफ*

 

 

 

आगरा। आगरा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार देर रात थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित जीवा ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने शटर का लॉक तोड़ दिया और अंदर घुसकर गोल्ड, सिल्वर और डायमंड ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का पता बुधवार सुबह उस समय चला, जब शोरूम के कर्मचारी रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे। कर्मचारियों ने देखा कि शोरूम के शटर का लॉक टूटा हुआ है। अंदर जाकर निरीक्षण करने पर ज्वेलरी गायब मिली, जिसके बाद तत्काल थाना ताजगंज पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे शोरूम को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शोरूम को सील कर अंदर से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने शोरूम के भीतर से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।जानकारी के अनुसार शोरूम में गोल्ड, सिल्वर और डायमंड ज्वेलरी के अलावा आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी रखी हुई थी। फिलहाल कर्मचारी स्टॉक का मिलान कर रहे हैं। असली और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को अलग-अलग गिनकर यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर कितनी कीमत का सामान चोरी हुआ है। इसी प्रक्रिया के बाद नुकसान की वास्तविक राशि सामने आ सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक चोरी गई ज्वेलरी की सटीक कीमत बताना संभव नहीं है। शोरूम के कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है, वहीं आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। थाना ताजगंज के इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment