मिरहची थाने में तैनात सूर्यकांत बने उपनिरीक्षक, स्टाफ ने दी बधाई, रिपोर्ट नितिन तिवारी

*सूर्यकांत ने प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाई, मिरहची थाने में तैनात सूर्यकांत बने उपनिरीक्षक, स्टाफ ने दी बधाई*

एटा।जनपद एटा के मिरहची थाने में तैनात सिपाही सूर्यकांत ने प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण कर उपनिरीक्षक (एसआई) का पद हासिल किया है। दो दिन पूर्व जारी हुए एसआई भर्ती परीक्षा के परिणाम में उनका नाम आने पर थाने के समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

जनपद बिजनौर के हसन अलीपुर भोगन गांव निवासी सूर्यकांत 17 जून 2025 को सिपाही बने थे। प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली तैनाती थाना मिरहची में हुई थी। यहां ज्वाइन करने के बाद भी सूर्यकांत ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते रहे।

एसआई भर्ती का परिणाम जारी होने पर सूची में अपना नाम देखकर सूर्यकांत की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। उपनिरीक्षक बनने की खबर मिलने पर नवागत थानाध्यक्ष विदेश राठी ने थाने के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में सूर्यकांत को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सिपाही से एसआई बने सूर्यकांत ने युवाओं को जीवन में कभी हार न मानने और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

Leave a Comment