गुरुद्वारा इंटर कॉलेज चोपन के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा 2026 में लहराया परचम

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन/सोनभद्र। गुरुद्वारा इंटर कॉलेज चोपन के इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय के तीन मेधावी छात्र-छात्राओं आकृति सिंह, सैफ हुसैन एवं मानसी मौर्य ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकृति सिंह ने 500 में से 453 अंक (90.6 प्रतिशत) अर्जित कर न केवल विद्यालय में बल्कि जनपद स्तर पर भी प्रथम स्थान हासिल किया है। आकृति की इस उपलब्धि से उनके पिता अजय कुमार सिंह एवं माता अंजू देवी सहित पूरे परिवार में खुशी की लहर है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना की है। वहीं सैफ हुसैन ने 500 में से 415 अंक (83 प्रतिशत) प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया। सैफ के पिता मो. शाहिद हुसैन एवं माता शबीहा बानो ने बेटे की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे उसकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। इसी क्रम में मानसी मौर्य ने 500 में से 397 अंक (79.4 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। मानसी के पिता हरिकेश सिंह कुशवाहा एवं माता मनीषा मौर्य ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने तीनों मेधावी छात्रों आकृति सिंह, सैफ हुसैन एवं मानसी मौर्य को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों की समर्पित शिक्षण शैली एवं अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो सका है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन मेधावियों से प्रेरणा लेने की सलाह दी और भविष्य में और बेहतर परिणाम लाने का विश्वास जताया।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment