*‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत 1000 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक*
*नशे से दूर रहने और उज्ज्वल भविष्य बनाने की दिलाई शपथ*
आगरा। आदरणीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत कल्याणम फाउंडेशन ने समाज कल्याण विभाग के सहयोग से वैजयंती देवी विद्यालय, गढ़ी भदौरिया के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के करीब 1000 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कल्याणम फाउंडेशन की अध्यक्षा प्रतिमा भार्गव ने कहा कि नशा धीरे-धीरे जीवन के लिए जहर बन जाता है और युवाओं के स्वास्थ्य व भविष्य को बर्बाद कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, सत्कर्म, सच्चाई और जीवन के लक्ष्यों का नशा करने का आह्वान किया। संरक्षण अधिकारी रितु वर्मा, जिला समन्वयक अधिकारी माय भारत ज्योति जादौन और वैजयंती देवी कॉलेज के डायरेक्टर नितेश शर्मा ने भी बच्चों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। अंत में नितेश शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रिंसिपल ममता शर्मा, कल्याणम फाउंडेशन की सचिव संगीता जैन, प्रमिला डंग, समाज कल्याण विभाग के अधीक्षक मनोज सिंह, किशोर यूनिट के अधीक्षक रविंद्र कुमार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के अधिकारी विवेक कुमार, प्रेरणा मलिक, राजेश्वरी सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।














