होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम*

 

*- आगरा में 28 केंद्रों पर 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा*

 

*- सीसीटीवी से निगरानी, मोबाइल और गैजेट्स पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध*

 

*- अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर*

 

*आगरा, 23 अप्रैल।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पारदर्शी, सुरक्षित और नकलविहीन परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित यूपी पुलिस में ‘होमगार्ड एनरोलमेंट-2025’ की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने चाक-चौबंद तैयारियां कर ली हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सभी सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट को कड़े सुरक्षा प्रबंधों और उनके दायित्वों का प्रशिक्षण दिया गया।

 

*तीन दिन चलेगी परीक्षा, दो पालियों में होगा एग्जाम*

आगरा जनपद में आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 75,168 अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमाएंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में (सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 03 से 05 बजे) संपन्न कराई जाएगी। इस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए 28 सेक्टर और 28 स्टैटिक मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहेंगे, जिनके साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

 

*सुरक्षा व्यवस्था रहेगी अभेद्य, फोटोकॉपी की दुकानें रहेंगी बंद*

परीक्षा में किसी भी प्रकार की सेंधमारी रोकने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में केवल परीक्षार्थियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को ही प्रवेश मिलेगा। केंद्र के आसपास की सभी फोटो कॉपी और स्कैनर की दुकानें परीक्षा के दौरान पूरी तरह बंद रहेंगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अंदर ले जाना सख्त मना है। स्ट्रांग रूम से लेकर परीक्षा कक्ष तक सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी।

 

*गर्मी को देखते हुए सुविधाओं पर विशेष ध्यान*

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए खास इंतजाम किए हैं। नगर निगम को सभी केंद्रों पर शीतल पेयजल, वाटर टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और बायोमेट्रिक जांच के लिए छाया (ग्रीन नेट) की व्यवस्था करने को कहा गया है। रेलवे और बस स्टेशनों पर अभ्यर्थियों के लिए वेटिंग एरिया बनाए जाएंगे और परीक्षा केंद्रों के रूट पर रोडवेज व स्मार्ट सिटी बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। हर केंद्र पर क्लॉक रूम और मेडिकल टीम भी उपलब्ध रहेगी।

 

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। सभी मजिस्ट्रेट अपनी निगरानी में ही सील बंद प्रश्नपत्र खुलवाएं और जमा कराएं। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग करेगा। अगर किसी ने भी परीक्षा को लेकर कोई अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ सबसे कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हमारा लक्ष्य अभ्यर्थियों को बिना किसी असुविधा के एक सुरक्षित माहौल में परीक्षा दिलाना है।

Leave a Comment

भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल )कोर कमेटी ने प्रकाशन एवं क्लाउड मीडिया सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर सत्यदेव पांडेय का किया राजपोशी उत्तर प्रदेश में यूनियन का किया गया विस्तार, पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति!