“वाराणसी का जिला कृषि अधिकारी” बनकर मांग रहा था 25 हजार की वसूली, मिर्जापुर में निकला फर्जी! व्यापारियों में दहशत
—
मिर्जापुर.
दिनांक 28.7.2026 को टेढुआ, नरायनपुर स्थित अपेक्षा खाद बीज भंडार पर एक फर्जी कृषि अधिकारी पहुंचकर दुकानदारों से वसूली करने की कोशिश करते पकड़ा गया। आरोपी ने खुद को वाराणसी का जिला कृषि अधिकारी बताया और दुकान की जांच के नाम पर 25 हजार रुपये की मांग की।
घटना के अनुसार आरोपी अचानक भंडार पर पहुंचा और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। जब दुकान संचालक ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनका प्रतिष्ठान मिर्जापुर जिले में आता है और वाराणसी के अधिकारी को जांच का अधिकार नहीं है, तो आरोपी ने दबंगई दिखाते हुए कहा कि “मैं कहीं भी किसी की भी जांच कर सकता हूं”।
शक होने पर जब मिर्जापुर जिला कृषि विभाग से जानकारी ली गई तो पता चला कि विभाग में ऐसा कोई अधिकारी है ही नहीं। इसके बाद यह साफ हो गया कि व्यक्ति पूरी तरह फर्जी है और व्यापारियों को डरा-धमकाकर वसूली कर रहा था।
*”दुकान सीज करा देंगे, जेल भेज देंगे” – की दी थी धमकी*
अपेक्षा खाद बीज भंडार के संचालक *अपर्णा भव पाठक* ने आपबीती बताते हुए कहा:
> “यह व्यक्ति हमारे फार्म पर आकर 25 हजार रुपये की डिमांड कर रहा था। मना करने पर बोल रहा था कि दुकान सीज कर देंगे और तुम्हें जेल हो जाएगी। ऐसे फर्जी लोग मार्केट में घूम-घूम कर व्यापारियों को डरा रहे हैं। इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि हम ईमानदारी से अपना व्यापार कर सकें।”
इस घटना के बाद इलाके के खाद-बीज विक्रेताओं में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से ऐसे फर्जी अधिकारी बनकर लोग दुकानों पर दबाव बना रहे हैं, जिससे कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे ठगों की तुरंत पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई और व्यापारी इनके झांसे में न आए।
जिला प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की गई है कि ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और बाजारों में गश्त बढ़ाई जाए।
—









