**कांशीराम कॉलोनी में गंदगी का अंबार, दूषित वातावरण से लोगों का जीना हुआ मुश्किल**
**एटा।** जनपद एटा में मंडी समिति के सामने स्थित कांशीराम कॉलोनी में गंदगी की गंभीर समस्या से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। कॉलोनी के आसपास लंबे समय से लगे कूड़े के ढेर और फैली गंदगी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नियमित सफाई न होने के कारण कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गंदगी के चलते मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। कॉलोनी के बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
निवासियों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद से तत्काल कूड़े का उठान कराकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा क्षेत्र में आवश्यक फॉगिंग और दवा छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि कॉलोनी के लोगों को गंदगी और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।









