*संगठन विस्तार की मुहिम: भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल) कोर कमेटी की अपील पर यूपी में जिला कमेटियों का होगा गठन*
*पत्रकारिता की गरिमा की रक्षा और मीडियाकर्मियों के कल्याण के लिए एक मंच पर आएंगे पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता*
नई दिल्ली/लखनऊ/
भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल) कोर कमेटी के तत्वावधान में देश भर में संगठन के व्यापक विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित बालकृष्ण तिवारी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तर प्रदेश, सहित सभी राज्यों के जिला अध्यक्षों से संगठन विस्तार की पुरजोर अपील की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को एक सशक्त मंच पर संगठित करना है, ताकि मीडिया की गरिमा, साख और अधिकारों की रक्षा मजबूती से की जा सके।
राष्ट्रीय नेतृत्व की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में राज्य स्तर पर कार्यकारिणी और जिला कमेटियों के गठन एवं पुनर्गठन की रणनीतियां पूरी तरह से तैयार कर ली गई हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश राजभर ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को संगठन विस्तार का स्पष्ट रोडमैप देते हुए कहा:
“भारतीय मीडिया फाउंडेशन सदैव पत्रकारों के हितों, उनकी सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता की स्वतंत्रता के लिए अग्रसर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित बालकृष्ण तिवारी जी के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में ऊर्जावान, समर्पित पत्रकारों और समाज के प्रति निष्ठावान सामाजिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा जा रहा है। जिला स्तर पर मजबूत कमेटियों का गठन हमारी प्राथमिकता है। जब पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता एक साथ एक मंच पर खड़े होंगे, तभी हम मीडिया की गरिमा को पुनर्जीवित कर पाएंगे और उत्पीड़न के शिकार पत्रकारों को न्याय दिला पाएंगे। मेरी प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों से अपील है कि वे जल्द से जल्द अपनी कार्यकारिणी का विस्तार कर सूची प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व को भेजें।”
भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल) कोर कमेटी का मानना है कि वर्तमान दौर में निष्पक्ष पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक है कि केवल नगरीय ही नहीं, बल्कि ब्लॉक और ग्रामीण स्तर के पत्रकारों को भी एक सूत्र में बांधा जाए।
इसके साथ ही, समाज सुधार में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं का साथ मिलने से मीडिया और समाज के बीच का समन्वय और अधिक मजबूत होगा। संगठन का यह विस्तार अभियान न केवल पत्रकारों के प्रशासनिक व कानूनी संरक्षण के लिए काम करेगा, बल्कि पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों और गरिमा को पुनर्स्थापित करने में भी मील का पत्थर साबित होगा।
सभी जिला अध्यक्षों को पूर्ण अधिकार दिए गए हैं कि वे आगामी दिनों में बैठकें आयोजित कर जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर योग्य पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करें।








