*भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु ऑरेंज अलर्ट जारी, नागरिक सतर्कता बरतें—जिला प्रशासन*
एटा_ जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद एटा में भीषण गर्मी एवं लू के संबंध में ऑरेंज अलर्ट प्राप्त हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव हेतु शासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा आवश्यक सावधानियां बरतें।
जनसामान्य को सलाह दी गई है कि किसी भी दशा में अति आवश्यक कार्य होने पर ही प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे के मध्य घर से बाहर निकलें,अन्यथा यथासंभव घर पर ही रहे,बाहर निकलते समय सिर को गमछा, अंगोछा, टोपी अथवा कपड़े से अवश्य ढकें, छाता का प्रयोग अवश्य करें, तथा शरीर को पूरी तरह सुरक्षित रखें। खाली पेट घर से बाहर न निकलें एवं पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करते रहें। घर से बाहर जाते समय पानी की बोतल अनिवार्य रूप से साथ रखें।
प्रशासन द्वारा विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं पशुओं का ध्यान रखने की अपील की गई है। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचें तथा अधिक से अधिक छायादार एवं ठंडे स्थानों पर रहें। अत्यधिक गर्मी, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी अथवा बेचैनी महसूस होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन में “सचेत” एवं “दामिनी” एप अवश्य डाउनलोड कर लें, जिससे मौसम एवं आपदा संबंधी पूर्वानुमान एवं चेतावनी समय से प्राप्त हो सके तथा किसी भी संभावित आपदा से पूर्व सचेत होकर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जनपदवासियों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित रहें।
जिला सूचना कार्यालय एटा 👆









