*हज यात्रियों के प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षकों के चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 अगस्त तक*
*एटा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रंजना शुक्ला ने बताया कि सचिव/कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर, लखनऊ के क्रम में हज-2026 के हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु प्रशिक्षकों के चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षक पद हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से प्रारम्भ होकर 23 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षकों के चयन हेतु कम्प्यूटर बेस्ड परीक्षा (सी0बी0टी0) 30 अगस्त 2026 को हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जाएगी। सीबीटी में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 01 से 06 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सितम्बर 2026 के अंतिम सप्ताह में मुम्बई में आयोजित किया जाना सम्भावित है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक 150 हज आवेदकों पर एक प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा तथा पुरुष एवं महिला प्रशिक्षकों का चयन पुरुष एवं महिला हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा। प्रशिक्षक पद हेतु अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इण्टरमीडिएट/12वीं उत्तीर्ण या समकक्ष होना आवश्यक है। सूचना प्रौद्योगिकी/कम्प्यूटर का ज्ञान रखने वाले स्नातक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में 05 अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 07 अगस्त 2026 को 25 वर्ष से कम तथा 60 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी द्वारा विगत 05 वर्षों में हज किया होना अनिवार्य है, जिसके प्रमाण के रूप में वीजा, पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठ अथवा हज कमेटी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
अभ्यर्थी को हिन्दी, उर्दू, अंग्रेजी एवं स्थानीय भाषा बोलने तथा समझने में दक्ष होना चाहिए। इसके साथ ही मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ, कम्प्यूटर में दक्ष, हज सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी रखने वाला तथा हज के अरकानों से भली-भांति परिचित होना आवश्यक है। भीड़ अथवा समूह को सम्बोधित एवं नियंत्रित करने का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन होने के उपरान्त सरकारी चिकित्सक द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि आवेदक के विरुद्ध किसी भी आपराधिक प्रकरण में कार्यवाही लम्बित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवेदक को स्वप्रमाणित हलफनामा प्रस्तुत करना होगा। प्रशिक्षकों का चयन कम्प्यूटर बेस्ड परीक्षा में प्राप्त 100 अंक एवं साक्षात्कार में प्राप्त 20 अंक, अर्थात कुल 120 अंकों की संयुक्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सफल होने के लिए सीबीटी एवं साक्षात्कार दोनों में अलग-अलग न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
सीबीटी में संलग्न पाठ्यक्रम के आधार पर 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके लिए अभ्यर्थियों को 01 घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की कटौती की जाएगी। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करें तथा आवेदन करने से पूर्व हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता शर्तों का अवलोकन अवश्य कर लें।













