आगरा की सभी नौ विधानसभाओं में बनेंगे आधुनिक ‘उत्सव भवन, रिपोर्टशंकरदेवतिवारी’

*आगरा की सभी नौ विधानसभाओं में बनेंगे आधुनिक ‘उत्सव भवन’*

 

*- महंगे मैरिज होम से मिलेगी निजात, आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे भवन*

 

*- चार विधानसभाओं में ग्राम पंचायतें चिन्हित, एक करोड़ का बजट जारी*

 

*- गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना योगी सरकार का लक्ष्य*

 

*आगरा, 02 जुलाई।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आम जनता की सुविधा के लिए एक अहम कदम उठाया है। अब जिले की सभी नौ विधानसभाओं में भव्य और आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘उत्सव भवन’ बनाए जाएंगे। पंचायती राज विभाग ने इसके लिए ग्राम पंचायतों का चयन शुरू कर दिया है और शासन स्तर से बजट भी जारी होने लगा है। यह पहल ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

 

*महंगे मैरिज होम से मिलेगी निजात, आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे भवन*

ग्रामीण इलाकों में शादी- ब्याह, नामकरण या अन्य सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अक्सर लोगों को शहरों के महंगे निजी मैरिज होम या हॉल की तरफ रुख करना पड़ता है, जो आम आदमी की जेब पर भारी पड़ता है। योगी सरकार की इस योजना से ग्रामीणों को इस समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। इन नवनिर्मित ‘उत्सव भवनों’ में एक विशाल हॉल, वैवाहिक रस्मों के लिए एक सुंदर मंडप और मेहमानों के ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले कमरे बनाए जाएंगे। इससे ग्रामीणों के अनावश्यक खर्चों में भारी कमी आएगी।

 

*चार विधानसभाओं में जगह चिन्हित, एक करोड़ का बजट जारी*

पंचायती राज विभाग द्वारा आगरा जनपद की 9 विधानसभाओं में से फिलहाल चार के लिए ग्राम पंचायतों का चयन कर लिया गया है। इनमें फतेहपुर सीकरी विधानसभा के कराही, फतेहाबाद के भरापुर, बाह के बटेश्वर और आगरा ग्रामीण क्षेत्र के बरौली अहीर को चुना गया है। अन्य विधानसभाओं की ग्राम पंचायतों का जल्द ही चयन कर लिया जाएगा। जिले का पहला उत्सव भवन फतेहपुर सीकरी के कराही में स्वीकृत हो चुका है। शासन ने इसके निर्माण कार्य को गति देने के लिए एक करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है। जल्द ही अन्य जगहों पर भी कार्य शुरू होगा।

 

*गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं देना योगी सरकार का लक्ष्य*

जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) मनीष कुमार ने कहा कि यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने वाला साबित होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप पंचायती राज विभाग के बजट में हुई यह वृद्धि ग्रामीण क्षेत्रों का कायाकल्प कर देगी। आगरा के लिए यह बेहद खुशी की बात है कि हर विधानसभा में अब एक सरकारी उत्सव भवन होगा। फतेहपुर सीकरी के कराही में काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य है कि गांवों में भी शहरों जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को एक सुव्यवस्थित मंच मिल सके। यह बजट गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। इन उत्सव भवनों के निर्माण से ग्रामीणों के खर्च में कमी तो आएगी ही, साथ ही स्थानीय स्तर पर सामुदायिक भाईचारे को भी काफी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment