अलीगंज में बदमाशों का कहर, शटर काटकर लाखों की तिजोरी ले उड़े
पुलिस की रात्रि गश्त पर बड़ा सवाल, 8 किलो चांदी व 30 ग्राम सोना चोरी होने का दावा
अलीगंज/एटा, 18 अगस्त। अलीगंज के मोहल्ला मेवातिया में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सुनार की दुकान का शटर काट दिया और अंदर रखी भारी तिजोरी ही उठाकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार तिजोरी में करीब 8 किलो चांदी और 30 ग्राम सोना था, जिसकी कीमत करीब 20 से 22 लाख रुपये बताई गई है।
दिन निकलते ही चोरी की खबर से बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत फैल गई। घटना ने अलीगंज पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह है कि आबादी वाले बाजार में बदमाश शटर काटते रहे, तिजोरी उठाकर ले गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
बदमाश बेखौफ, पुलिस बेखबर!
लाखों की संपत्ति वाली दुकान में इतनी बड़ी वारदात पुलिस के लिए गंभीर सवाल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बाजार में पुलिस गश्त प्रभावी होती तो बदमाशों को इतनी बड़ी वारदात अंजाम देने का मौका नहीं मिलता।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि पुलिस बदमाशों तक कब पहुंचती है और चोरी गई तिजोरी व लाखों की संपत्ति कब बरामद होती है। फिलहाल इस वारदात ने अलीगंज में कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।













