विद्युत समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
एटा। जलेसर एवं बेरनी विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्याओं, डैमेज ट्रांसफार्मरों को समय पर न बदले जाने तथा बार-बार ट्रिपिंग से परेशान किसानों और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने मुख्यमंत्री के नाम अधीक्षण अभियंता विद्युत को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा डैमेज ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदलने एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जलेसर एवं बेरनी क्षेत्र में इनका प्रभावी पालन नहीं हो रहा है। इससे किसानों और आम उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाकियू (भानू) ने मांग की है कि जलेसर एवं बेरनी क्षेत्र में खराब होने वाले सभी ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदला जाए। बेरनी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों की मनमानी पर रोक लगाकर अनावश्यक बिजली कटौती बंद कराई जाए तथा बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। साथ ही अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारियों द्वारा दोनों उपकेंद्रों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कराया जाए।
लखन यादव ने बताया क्षेत्र में बार-बार ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के कारणों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई, बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने, नगवाई गांव में ट्रांसफार्मर एवं डीपी की ओवरलोड समस्या का तत्काल समाधान कराने तथा जर्जर बंच केबलों को बदलवाने की मांग की । भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी लखन यादव ने कहा कि यदि किसानों और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।









