25 हजार का इनामी जहरखुरान पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
– बेहोशी की दवा खिलाकर देते थे लूट की घटना को अंजाम
द सुपरहिट न्यूज
चौडगरा, फतेहपुर । कल्याणपुर और औंग थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार भोर पहर चौडगरा-जहानाबाद मार्ग पर खजुहा रोड नहर के पास हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी और जहरखुरानी गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद फिरोज (42) पुत्र मोहम्मद अनीश, निवासी सालेपुर, थाना करारी, जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। वह थाना कल्याणपुर और औंग में दर्ज जहरखुरानी एवं चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस का दावा है कि फिरोज एक संगठित जहरखुरानी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरोह कानपुर से ट्रेन या बस से उतरने वाले यात्रियों को बांदा, हमीरपुर समेत आसपास के जनपदों तक लिफ्ट देने के बहाने वाहन में बैठाता था। इसके बाद यात्रियों को बेहोश करने वाली दवा देकर उनके मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेता था। इतना ही नहीं, गिरोह के सदस्य मोबाइल का पासकोड और यूपीआई पिन भी पता कर लेते थे और चोरी किए गए मोबाइल के जरिए विभिन्न जनसेवा केंद्रों से अपने खातों में रुपये ट्रांसफर कर लेते थे। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, एक अपाचे मोटरसाइकिल, बेहोश करने वाली दवा का एक पत्ता तथा पार्ले बिस्कुट के दो पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के एक अन्य सदस्य को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मोहम्मद फिरोज के विरुद्ध फतेहपुर सहित अन्य जनपदों में डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया है।








