आगरा में कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सघन जांच शुरू, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*लखनऊ अग्निकांड के बाद एक्शन में योगी सरकार*

*- आगरा में कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सघन जांच शुरू*

*- छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि, फायर विभाग की 5 टीमें कर रहीं शहर भर में चेकिंग**

*आगरा, 23 जून।* लखनऊ में हुए दुखद अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों पर पूरे प्रदेश में अग्नि सुरक्षा जांच अभियान तेज हो गया है। योगी सरकार के आदेश के बाद फायर, पुलिस, प्रशासन और विद्युत सुरक्षा की संयुक्त इकाइयां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। इसी क्रम में ताजनगरी आगरा के प्रमुख एजुकेशन हब माने जाने वाले कोचिंग बाहुल्य क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग द्वारा ताबड़तोड़ जांच और कार्रवाई का अभियान शुरू किया गया है।

*प्रमुख कोचिंग इलाकों में चली सघन जांच, बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी को सख्त हिदायत*
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही शहर के भगवान टॉकीज, लॉयर्स कॉलोनी, नगला पदी, खंदारी और संजय प्लेस जैसे व्यस्त इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम 6 बजे तक 13 कोचिंग संस्थानों की चेकिंग की जा चुकी है। इस दौरान बेसमेंट में संचालित हो रही एक डिजिटल लाइब्रेरी में खामियां पाए जाने पर उसे सख्त हिदायत देते हुए सुरक्षा मानक तुरंत पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

आगरा में संचालित हो रहे 100 से अधिक छोटे- बड़े कोचिंग सेंटर है। इनमें से केवल 5 बड़े संस्थानों ने फायर विभाग से एनओसी है। कुछ संस्थानों ने व्यावसायिक भवन के नाम पर एनओसी ली है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। इस अभियान को गति देने के लिए फायर विभाग ने 5 विशेष टीमों का गठन किया है, जो प्रतिदिन शहर के कोने-कोने में मौजूद कोचिंग संस्थानों की जांच करेंगी। इस कार्रवाई में सभी थाना प्रभारियों से भी सहयोग की अपील की गई है।

*विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मानकों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्यवाई*
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), वेंटिलेशन और भवन संरचना की बारीकी से जांच की जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर आवश्यक और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में छात्रों की जान पूरी तरह सुरक्षित रहे। इस दौरान अग्निशमन अधिकारियों द्वारा जनपद आगरा में संचालित कोचिंग सेंटर में छात्र- छात्राओं को अग्निशमन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

*इन कोचिंग संस्थान/लाइब्रेरी में चलाया गया जागरूकता अभियान:-*

1. फ्यूचर प्वाइंट 01 स्टडी सेंटर आर के प्लाजा रामनगर की पुलिया आगरा।

2. सारस्वत डिजिटल लाइब्रेरी केदार नगर तिराहा आगरा।

3. राजीव गांधी लाइब्रेरी शिवाजी नगर आगरा।

4. बलूनी क्लासेस भाग्य नगर सिकंदरा आगरा।

5. एलन कैरियर इंस्टिट्यूट सूरजभान की बगीची सिकंदरा आगरा।

6. करियर पॉइंट ओम कंपलेक्स पश्चिम पुरी आगरा।

7. फोनिक्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंग्लिश लैंग्वेज हरि प्लाजा शास्त्रीपुरम गोल चक्कर आगरा।

8. मोशन कोचिंग सेंटर देव नगर खंदारी आगरा।

9. अगार बंधु ज्ञान केंद्र देवनगर खंदारी आगरा।

10. यू वी कोचिंग सेंटर देव नगर खंदारी आगरा।

11. स्किल इंडिया वर्सेलिटी अभिनव सर मैथ क्लासेज न्यू आगरा।

12. Q 2 library न्यू आगरा।

13. आकाश कोचिंग सेंटर नियर भगवान टाकिज बाय पास रोड आगरा।

Leave a Comment