एटा के जैथरा में दबंगों का तांडव: घर में घुसकर युवती समेत पूरे परिवार पर हमला, वीडियो वायरल
जूते-डंडे और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटा; पिता गंभीर रूप से घायल, आरोपी फरार
(ब्यूरो चीफ अनिल सोलंकी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान एटा)
एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव अल्लापुर में दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने एक घर में घुसकर युवती समेत पूरे परिवार पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान नामजद आरोपियों ने युवती को विशेष रूप से जूतों और डंडों से पीटा। पिता और भाइयों पर भी लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जब युवती अपने पिता को बचाने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी जूतों, डंडों और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल, पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।









