हरदोई में करंट लगने से पति पत्नी की मौत, पंखा ठीक करते समय पत्नी को लगा करंट, बचाने गए पति की भी गई जान
#हरदोई जिले के पाली थानाक्षेत्र के ग्राम सहजनपुर में शुक्रवार शाम को करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सहजनपुर निवासी 65 वर्षीय राममोहन मिश्रा और उनकी 57 वर्षीय पत्नी सरस्वती मिश्रा की करंट लगने से जान चली गई। बताया गया कि सरस्वती पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आ गईं।
उन्हें बचाने के प्रयास में राममोहन मिश्रा भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
राममोहन मिश्रा खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनके छह बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियों का विवाह हो चुका है। दो पुत्रों में गौरव विवाहित हैं, जबकि उत्सव अविवाहित हैं।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया…









