हरदोई:पहले मजदूर बने,फिर दिखाया सोने का सपना…10 लाख लेकर फरार हुए शातिर ठग…

हरदोई:पहले मजदूर बने,फिर दिखाया सोने का सपना…10 लाख लेकर फरार हुए शातिर ठग…

 

हरदोई में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने यह साबित कर दिया कि शातिर अपराधी पहले भरोसा जीतते हैं और फिर उसी भरोसे पर सबसे बड़ा वार करते हैं। शाहजहांपुर निवासी दिन्नी देवी सिंह के परिवार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। करीब एक महीने पहले राजा और राशिद नाम के दो युवक उनके मकान पर मजदूरी करने आए थे। दोनों ने कई दिन तक काम किया, परिवार के बीच उठना-बैठना शुरू किया और धीरे-धीरे ऐसा विश्वास कायम कर लिया कि किसी को उन पर शक तक नहीं हुआ। काम खत्म होने के बाद दोनों वहां से चले गए, लेकिन असली खेल तो अभी बाकी था।

 

करीब 15 दिन बाद दोनों ने परिवार से संपर्क किया और एक ऐसी कहानी सुनाई जिसने सब कुछ बदल दिया। आरोपियों ने दावा किया कि खुदाई के दौरान उन्हें सोने की एक प्राचीन मूर्ति मिली है। उन्होंने कहा कि अगर इसकी भनक प्रशासन को लग गई तो मूर्ति जब्त हो जाएगी, इसलिए वे इसे गुपचुप तरीके से बेचना चाहते हैं। परिवार को यकीन दिलाने के लिए कथित तौर पर मूर्ति को कई बार खुरचकर उसकी जांच कराई गई। जांच में सोने जैसे तत्व मिलने की बात कहकर भरोसा और मजबूत किया गया। करोड़ों की कीमत वाली बताई जा रही मूर्ति को सस्ते में देने का लालच ऐसा था कि परिवार जाल में फंसता चला गया।

 

19 जून को आरोपियों ने अंतिम चाल चली। उजाला सिंह को हरदोई जिले की शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के हर्रई मार्ग पर बुलाया गया। 10 लाख रुपये से भरा बैग लेकर वह मौके पर पहुंचीं। वहां कथित तौर पर मूर्ति सौंपने की रस्म पूरी हुई और जैसे ही रुपये आरोपियों के हाथ लगे, दोनों बैग लेकर खेतों की तरफ भाग निकले। जब तक पीड़ित पक्ष कुछ समझ पाता, ठग आंखों से ओझल हो चुके थे। बाद में मूर्ति की दोबारा जांच हुई तो ठगी का पूरा खेल सामने आ गया। सोना समझकर जिस मूर्ति के लिए 10 लाख रुपये दिए गए थे, वह कथित तौर पर नकली निकली।

 

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पीड़िता की तहरीर पर राजा और राशिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह का कहना है कि मामले की जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस ‘सोने की मूर्ति’ वाले खेल का पूरा सच सामने लाया जाएगा।

Leave a Comment