WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

आगरा के जीआईसी में बनेगा भव्य इनडोर मिनी स्टेडियम, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*आगरा के जीआईसी में बनेगा भव्य इनडोर मिनी स्टेडियम*

*- 492 लाख रुपये की लागत से 15 माह में पूरा होगा स्टेडियम का निर्माण*

*- युवा प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय मंच*

*- खिलाड़ियों को मिलेंगी सर्वसुविधायुक्त मल्टीपरपज हॉल और अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक खेल सुविधाएं*

*आगरा, 15 जून।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश भर में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में ताजनगरी आगरा के खेल इतिहास में एक नया और सुनहरा अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगरा के शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के मैदान में खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए एक आधुनिक इनडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो गया है। सोमवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।

*युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान*
योगी सरकार की ‘खेलो यूपी’ की तर्ज पर यह स्टेडियम आगरा के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। शिलान्यास के अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि आगरा के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कमी थी तो बस उन्हें निखारने के लिए एक विश्वस्तरीय मंच और बुनियादी ढांचे की, जिसे अब हमारी सरकार पूरा कर रही है। यह मिनी स्टेडियम हमारी युवा पीढ़ी के सपनों को नई उड़ान देगा। अब शहर के खिलाड़ियों को सुविधाओं के अभाव में पीछे नहीं रहना पड़ेगा। इस स्टेडियम से तैयार होकर हमारे बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।”

*492 लाख रुपये की लागत से 15 माह में होगा निर्माण*
इस अत्याधुनिक मिनी स्टेडियम के निर्माण की कुल स्वीकृत और तकनीकी लागत 492.00 लाख रुपये तय की गई है। प्रदेश सरकार ने खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को तेजी से विकसित करने के कड़े निर्देश दिए हैं, जिसके चलते परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए 216.00 लाख रुपये की धनराशि पहली किस्त के रूप में अवमुक्त भी की जा चुकी है। 27 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस कार्य को आगामी 15 माह की तय अवधि के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी ‘यू०पी० स्टेट कांस्ट्रक्शन एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेन्ट कॉरपोरेशन लि०’ (यूपीएससीआईडीसी) को सौंपी गई है।

*खिलाड़ियों को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाएं*
यह इनडोर स्टेडियम पूरी तरह से आधुनिक और सर्व सुविधायुक्त होगा। इसके भूतल पर एक डबल हाइट मेन हॉल बनाया जाएगा, जहां विभिन्न इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का शानदार आयोजन हो सकेगा। इसके अतिरिक्त एक मल्टीपरपज हॉल विशेष रूप से टेबल टेनिस और अन्य खेलों के लिए आरक्षित रहेगा। खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक और चेंजिंग रूम बनेंगे। परिसर में एडमिनिस्ट्रेशन रूम, वर्क स्टेशन रूम, खेल सामग्रियों के लिए इक्विपमेंट स्टोर और आपातकालीन चिकित्सा के लिए फर्स्ट एड रूम की भी व्यवस्था होगी। दर्शकों के बैठने के लिए बेहतरीन सिटिंग एरिया और निर्बाध जल आपूर्ति के लिए बोरिंग व सबमर्सिबल पंप लगाए जाएंगे।

*स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह*
जीआईसी मैदान में बनने वाले इस भव्य स्टेडियम को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्टेडियम के बनने से आगरा और आसपास के ग्रामीण अंचलों के युवाओं को बैडमिंटन, टेबल टेनिस और कुश्ती जैसे इनडोर खेलों को हर मौसम में बिना किसी बाधा के खेलने का मौका मिलेगा।

इस ऐतिहासिक अवसर पर रामनाथ गौतम, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, निर्मला दीक्षित, डॉ. अलौकिक उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Comment