*डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई,चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन*
एटा ।।आज दिनांक 14 अप्रैल 2026 को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, कपरेटा (एटा) के प्रांगण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश वशिष्ठ (पूर्व जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, एटा) ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला समाज कल्याण अधिकारी ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके संघर्षों तथा सामाजिक न्याय एवं समानता के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा गीत-संगीत एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर के राष्ट्र निर्माण एवं भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश कुमार, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








