*आगरा मे 16 अगस्त शाम 4 बजे से लागू होगा डायवर्जन, 17 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगी व्यवस्था*
*कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी; कैलाश मंदिर मार्ग समेत कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित, रात की नो-एंट्री भी नहीं खुलेगी*
आगरा। श्रावण मास के तृतीय सोमवार 17 अगस्त को कांवड़ यात्रा, प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक और कैलाश मंदिर पर आयोजित मेले को देखते हुए आगरा यातायात पुलिस ने शहर में व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 16 अगस्त की शाम चार बजे से शुरू होकर 17 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
*दिल्ली और हाथरस से आने वाले भारी वाहनों का रूट बदला*
दिल्ली से आगरा की ओर आने वाले भारी वाहनों को मथुरा के टाउनशिप चौराहे से गोकुल बैराज होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। हाथरस से आगरा की ओर आने वाले भारी वाहनों को सिकंदराराऊ अथवा सादाबाद से मथुरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। एनएच-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे, जबकि मथुरा से फिरोजाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को दक्षिणी बाईपास, रोहता नहर, दिगनेर और इनर रिंग रोड के रास्ते भेजा जाएगा।
*ग्वालियर, जयपुर और शमशाबाद से आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन*
ग्वालियर, जयपुर और शमशाबाद की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। ग्वालियर से हाथरस की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोहता नहर चौराहा, दिगनेर पुलिया, तोरा और रमाडा इनर रिंग रोड होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। ग्वालियर से फिरोजाबाद जाने वाले भारी वाहनों को रोहता नहर चौराहा, दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड, कुबेरपुर और एत्मादपुर होकर निकाला जाएगा। वहीं ग्वालियर से जलेसर जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर, एत्मादपुर और टूंडला के रास्ते जाएंगे। जयपुर से हाथरस, फिरोजाबाद और जलेसर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी महुअर कट, दक्षिणी बाईपास, ग्राम बाद, रोहता नहर और दिगनेर पुलिया होते हुए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
*इन रास्तों से भारी वाहन शहर में नहीं कर सकेंगे प्रवेश*
यातायात पुलिस के अनुसार रोहता नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, एनएच-19, रुनकता से कुबेरपुर कट, एत्माद्दौला, खंदौली, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी और मलपुरा समेत अन्य प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
*कैलाश मंदिर और सिकंदरा क्षेत्र में भी सख्ती*
कैलाश मंदिर में मेले और जलाभिषेक को देखते हुए एनएच-19 के कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सिकंदरा मंडी के ऊपर एनएच-19 से सिकंदरा चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड, मंडी अंडरपास और शास्त्रीपुरम पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सिकंदरा मंडी के नीचे सर्विस रोड से भी सिकंदरा चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कारगिल पेट्रोल पंप की तरफ से भी वाहन सिकंदरा चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे।
*सोमवार सुबह चार बजे से कई मार्गों पर रोक*
17 अगस्त को सुबह चार बजे से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कार्यक्रम समाप्त होने तक भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक चार पहिया और बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वायु बिहार से पृथ्वीनाथ फाटक की ओर भी चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। एनएच-19 से वाटरवर्क्स चौराहे की ओर भारी वाहन और रोडवेज बसें भी नहीं आ सकेंगी। इस दौरान क्लब चौराहा से माल रोड, विक्टोरिया पार्क तिराहा और यमुना किनारा मार्ग का इस्तेमाल वैकल्पिक रास्ते के तौर पर किया जा सकेगा।
*राजेश्वर मंदिर जाने वाले रास्तों पर भी रोक*
एकता थाना से राजेश्वर मंदिर और राजपुर चुंगी चौराहे से राजेश्वर मंदिर की ओर चार पहिया एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा गुरुद्वारा, भावना स्टेट, केके नगर और आसपास के मार्गों पर भी यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।
*रात 11 बजे खुलने वाली नो-एंट्री भी नहीं खुलेगी*
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 16 और 17 अगस्त की रात 11 बजे से आगरा महानगर में खुलने वाली नो-एंट्री नहीं खुलेगी। नो-एंट्री व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही 16 अगस्त शाम चार बजे से 18 अगस्त की सुबह कार्यक्रम समाप्ति तक पहले से जारी नो-एंट्री पास और अनुमति पत्र भी निरस्त माने जाएंगे।
आगरा यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक और कैलाश मंदिर मेले के दौरान धैर्य बनाए रखें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें। ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। आपात स्थिति में चिकित्सीय और फायर सर्विस वाहनों को सुरक्षित रूप से निकाला जाएगा। यातायात संबंधी सहायता या सूचना के लिए आगरा ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है।













