*योगीटांड़ के निकट सड़क धंसने से दुर्घटना का खतरा, भूमिगत गोफ अविलंब भरने की मांग*
*सुनील खंडेलवाल ने कोयला मंत्रालय के सचिव को भेजा पत्र*
गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग (NH-114A) पर योगीटांड़, गिरिडीह स्टेडियम के निकट पिछले लगभग दो वर्षों से सड़क के क्षतिग्रस्त एवं अत्यंत संकरे होने के कारण लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इस गंभीर जनसुरक्षा के मुद्दे को लेकर कोयला मंत्रालय, भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क के नीचे स्थित भूमिगत गोफ को भरवाने तथा उसके बाद सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग सुनील खंडेलवाल के द्वारा की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पथ प्रमंडल, धनबाद के कार्यपालक अभियंता ने स्पष्ट किया है कि संबंधित क्षेत्र Central Coalfields Limited (CCL) के खनन क्षेत्र से प्रभावित है तथा सड़क के नीचे स्थित गोफ को CCL द्वारा भरे जाने के बाद ही सड़क की स्थायी मरम्मत संभव हो सकेगी।
वर्तमान में सड़क का एक बड़ा हिस्सा प्रभावित होने के कारण मार्ग अत्यंत संकरा हो गया है। दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को सीमित स्थान से गुजरना पड़ता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री वाहन, भारी वाहन एवं दोपहिया चलते हैं। ऐसी स्थिति में विशेषकर बरसात के दौरान सड़क के पुनः धंसने अथवा अचानक क्षतिग्रस्त होने से गंभीर दुर्घटना और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस मामले को सामान्य सड़क मरम्मत का विषय न मानते हुए जनजीवन और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कोयला मंत्रालय से मांग की गई है कि वह अपने प्रशासनिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए CCL को तत्काल निर्देश जारी करे।
पत्र में मांग की गई है कि संबंधित स्थल का तत्काल संयुक्त तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाए, गोफ की स्थिति एवं विस्तार का वैज्ञानिक आकलन किया जाए तथा सुरक्षित इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप उसकी अविलंब भराई कराई जाए। इसके बाद संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग एजेंसी द्वारा सड़क की स्थायी एवं वैज्ञानिक तरीके से मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक दुर्घटना रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बैरियर, चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
इस संबंध में शिकायत दर्ज कर कोयला मंत्रालय से सात दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण एवं गोफ भराई की कार्रवाई प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में सड़क की स्थायी मरम्मत सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत को आवश्यक कार्रवाई हेतु सुश्री चेतना शुक्ला, उप महानिदेशक (Deputy Director General), कोयला मंत्रालय, नई दिल्ली के पास अग्रसारित किया गया है।
जनहित में यह मांग दोहराई गई है कि किसी दुर्घटना या जनहानि की प्रतीक्षा करने के बजाय सड़क के नीचे स्थित गोफ को तत्काल भरकर दुर्घटना की संभावना को समाप्त किया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो वर्षों से बनी यह स्थिति अब तत्काल प्रशासनिक एवं तकनीकी हस्तक्षेप की मांग करती है।













