बोल बम के जयकारों से गूंजा चोपन, कांवड़ियों ने अचलेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफहै सोनभद्र)

चोपन/सोनभद्र। सावन माह के पावन अवसर पर दूसरे सोमवार को चोपन क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में बड़ी संख्या में कांवड़िए सोन नदी से पवित्र जल भरकर डाला स्थित अचलेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। कांवड़ियों के हाथों में कांवड़ और जुबां पर हर-हर महादेव तथा बोल बम के जयकारे से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। सोन नदी से जल भरने के बाद कांवड़िए पैदल यात्रा करते हुए अचलेश्वर महादेव मंदिर की ओर बढ़े। इस दौरान डीजे की धुन पर कांवड़िए नाचते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे साथ ही मनमोहक झांकिया लोगो के लिए आकर्षण का केंद्र रही जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी शिवभक्ति में लीन नजर आईं। इसी क्रम में टैंपो स्टैंड पर नर सेवा नारायण सेवा की ओर से कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाया गया जहाँ समाज के सहयोग से यहां कांवड़ियों को फल एवं शरबत का वितरण कर उनका स्वागत किया गया। उमस भरी गर्मी और लंबी पैदल यात्रा के बीच फल एवं ठंडा शरबत पाकर कांवड़ियों ने सेवा समिति के सदस्यों का आभार जताया। नर सेवा नारायण सेवा की ओर से समय-समय पर धार्मिक आयोजनों एवं जरूरतमंदों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की लोगों ने सराहना की। वहीं गौरव नगर स्थित गौरीशंकर मंदिर में भी सावन के अवसर पर महिला कांवड़ियों ने सोन नदी से जल भरकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित किया।महिलाएं डीजे की धुन पर नाचते-गाते और हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचीं। मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा चोपन क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।जगह-जगह हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार को चोपन से डाला तक निकली कांवड़ यात्रा ने सावन की भक्ति और सामाजिक सेवा की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। वहीँ नर सेवा नारायण सेवा के संयोजक मनोज चौबे ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया |इस दौरान दया शंकर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, प्रदीप अग्रवाल,उमेश सिंह सीआईटी,आशीष सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी,सभाषद नागेंद्र यादव,ओमप्रकाश, जित्येंद्र सिंह प्लाहा, सत्यदेव पाण्डेय, विनित शर्मा, शमशेर अली, मनीष सोनकर आदि मौजूद रहे |

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment