बिहार के भोजपुर में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा मोड़ आ गया ,FIR दर्ज

बिहार के भोजपुर में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। एनकाउंटर के सात दिन बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी के आवेदन पर जगदीशपुर SDPO, तत्कालीन शाहपुर SHO और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ ह’त्या की FIR दर्ज की गई है। आशा देवी का आरोप है कि 17 जून को उनके बेटे ने फेसबुक लाइव के दौरान अपनी बात रखने के बाद हथियार जमीन पर फेंककर सरेंडर कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उसे घेरकर गोली मार दी। परिवार का दावा है कि भरत को घायल अवस्था में ले जाया गया और बाद में उसकी मौत की सूचना दी गई।

 

वहीं पुलिस का आधिकारिक पक्ष पूरी तरह अलग है। पुलिस द्वारा दर्ज FIR के अनुसार भरत तिवारी पर कई मामलों में कार्रवाई चल रही थी और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस का कहना है कि सरेंडर का नाटक करने के बाद उसने दोबारा हथियार उठाकर गोली चलाने की कोशिश की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। पुलिस के अनुसार भरत को पैरों में गोली लगी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। मामले में अब तक पुलिस की ओर से तीन अलग-अलग FIR दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि अब चौथी FIR सीधे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दर्ज हुई है।

 

इस मामले ने इसलिए भी राजनीतिक और कानूनी महत्व हासिल कर लिया है क्योंकि एनकाउंटर का वीडियो और फेसबुक लाइव सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर लगातार सवाल उठ रहे थे। बढ़ते विवाद के बीच बिहार सरकार पहले ही चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर चुकी है और न्यायिक जांच के आदेश भी दिए जा चुके हैं। अब पुलिस अधिकारियों पर ह’त्या की FIR दर्ज होने के बाद जांच का दायरा और बड़ा हो गया है। आने वाले दिनों में न्यायिक जांच, फॉरेंसिक रिपोर्ट और वीडियो साक्ष्य इस मामले की दिशा तय करेंगे।

 

#BharatTiwari #Encounter #BreakingNews

Leave a Comment