*’ओडीओसी’ योजना: पेठे के बाद अब आगरा के ‘पराठे’ को भी मिलेगी ग्लोबल पहचान*
*- एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना में पेठा, गजक, दालमोठ और पराठा शामिल*
*- बेहतरीन पैकेजिंग और शानदार ब्रांडिंग के लिए योगी सरकार देगी 20 लाख की सहायता*
*आगरा, 19 मई।* ताजनगरी अब सिर्फ ताजमहल और पेठे की मिठास के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लजीज पराठों के लिए भी दुनिया भर में जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ‘एक जिला एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजना में आगरा के मशहूर पराठे, पेठे, गजक और दालमोठ नमकीन को शामिल कर लिया है। आगरा के पराठे अपने देसी स्वाद, खास मसालों और पारंपरिक तरीके से बनने के कारण हमेशा से पर्यटकों की पहली पसंद रहे हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक इनकी भारी डिमांड रहती है। योगी सरकार का उद्देश्य इन पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाना है।
*देसी स्वाद से सजेगा दुनिया का बाजार*
आगरा के पराठे अपने पारंपरिक तरीके, शुद्ध देसी स्वाद और खास मसालों के लिए पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। पर्यटक सुबह के नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक इनका स्वाद लेना पसंद करते हैं। योगी सरकार का लक्ष्य इन पारंपरिक उत्पादों को सिर्फ सहेजना नहीं, बल्कि उन्हें बड़े बाजार से जोड़ना है। ओडीओसी योजना के तहत अब इन व्यंजनों के कारोबारियों को उत्पादन बढ़ाने, बेहतरीन पैकेजिंग और मजबूत ब्रांडिंग के लिए सरकार द्वारा विशेष सहायता दी जाएगी।
*ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स से जुड़ेंगे छोटे-बड़े कारोबारी*
योगी सरकार पारंपरिक स्वाद को आधुनिक तकनीक और मार्केटिंग से जोड़ रही है। इस योजना के तहत छोटे-बड़े सभी फूड वेंडर्स को जोमैटो और स्विगी जैसे ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स से जोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय कारोबारियों को एक बड़ा डिजिटल बाजार मिलेगा। व्यापार का विस्तार होने से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। आसान दरों पर लोन उपलब्ध कराकर उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में पूरी मदद दी जा रही है।
*गुणवत्ता और ब्रांडिंग के लिए मिलेगी 20 लाख रुपये तक की मदद*
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त शैलेंद्र सिंह ने बताया कि ओडीओसी योजना के तहत कारोबारियों को इंटरनेशनल लेवल पर पहचान दिलाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। क्वालिटी प्रोडक्ट तैयार करने, पैकेजिंग को बेहतर बनाने और ब्रांडिंग मजबूत करने के लिए सरकार 20 लाख रुपये तक की सहायता देगी। इसके अलावा, कारोबारियों और वेंडर्स को अलग-अलग विभागों के सपोर्ट से विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे उनका व्यापार नई ऊंचाइयों को छू सके।
*ओडीओसी योजना से फूड इंडस्ट्री को मिलेगी नई उड़ान*
सरकार के इस फैसले से स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर है। प्रमुख पेठा कारोबारी अमित गोयल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना से आगरा के फूड इंडस्ट्री का कारोबार तेजी से बढ़ेगा। ओडीओपी योजना के तहत पहले पेठा को पहचान मिलने के बाद उसके कारोबार और एक्सपोर्ट में भारी बढ़ोतरी हुई थी। अब ‘एक जिला एक व्यंजन’ योजना के जरिए बाकी व्यंजनों को भी बहुत बड़ा बाजार मिल सकता है। इन पारंपरिक व्यंजनों का बाजार करोड़ों रुपये का है। हर साल लाखों टूरिस्ट इनकी खरीदारी करते हैं। अगर सरकार की मदद से पैकेजिंग इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की हो जाए, तो देशभर में इनकी डिमांड तेजी से बढ़ सकती है।








