*फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने हेतु प्रशासन सख्त, 761 गांवों में कर्मचारियों की ड्यूटी*
*31 मई तक पीएम किसान लाभार्थी अनिवार्य रूप से कराएं केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री न होने पर योजनाओं का लाभ हो सकता है प्रभावित*
एटा, 29 मई 2026 (सूचना विभाग)। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की गहन समीक्षा करने पर पाया है कि जनपद कि फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने में अपेक्षा अनुरूप प्रगति नहीं हो पा रही है, इसलिए उनके द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि फील्ड में कार्यरत सभी कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाई जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद का कुल लक्ष्य 3,24,764 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने का है, जिसके सापेक्ष अब तक 2,45,816 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है। लगभग 78 हजार किसानों की रजिस्ट्री अभी शेष है। शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने हेतु जिलाधिकारी स्तर से जनपद के 761 गांवों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम विकास विभाग, राजस्व विभाग एवं कृषि विभाग के कर्मचारी प्रतिदिन अपने आवंटित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने का कार्य करेंगे। इस कार्य की सतत निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कार्यालय परिसर में 12 कार्मिकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रतिदिन सुबह एवं शाम फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों से फोन के माध्यम से प्रगति की जानकारी प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में नियुक्त कृषि, राजस्व अथवा विकास विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करा लें। किसान जन सेवा केंद्र पर जाकर भी अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर एवं खतौनी साथ ले जाना आवश्यक होगा। फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने पर ही किसान कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं लाभों के पात्र हो सकेंगे।
उन्होंने यह भी अपील की कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थी 31 मई तक अनिवार्य रूप से अपनी ई-केवाईसी जन सेवा केंद्र पर जाकर पूर्ण करा लें, अन्यथा आगामी किस्त प्रभावित हो सकती है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं होगी, उन्हें भविष्य में योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाना संभव नहीं होगा।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆









