कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया में मचाई आंधी
6 दिनों में 1.17 करोड़ फॉलोअर्स, BJP को पीछे छोड़ा
एक मजाक के रूप में शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब सोशल मीडिया पर बड़ा ट्रेंड बन गई है। महज 6 दिनों में इंस्टाग्राम पर 1.17 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं, जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक अकाउंट से भी ज्यादा हैं। कई सेलिब्रिटी भी इस पेज को फॉलो कर रहे हैं। 15 मई को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत के एक टिप्पणी के बाद यह पार्टी बनी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। हालांकि CJI ने अगले दिन सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्री वाले लोगों के बारे में थी, जो वकालत और अन्य पेशों में घुस आए हैं।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) के रहने वाले अभिजीत दीपके ने इस विवाद को देखते हुए X पर एक पोस्ट किया। उन्होंने पूछा कि अगर सभी ‘कॉकरोच’ एक साथ आ जाएं तो क्या होगा। युवाओं खासकर Gen Z के जोरदार समर्थन के बाद उन्होंने 16 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आधिकारिक इंस्टाग्राम और X अकाउंट शुरू कर दिया।
CJP के फॉलोअर्स और सेलिब्रिटी सपोर्ट
इंस्टाग्राम : 1.17 करोड़+ फॉलोअर्स
X : लगभग 1.99 लाख फॉलोअर्स
BJP के इंस्टाग्राम पर करीब 87 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि कांग्रेस के 1.33 करोड़। CJP ने बहुत कम समय में BJP को पीछे छोड़ दिया।
इस पेज को फॉलो करने वाले प्रमुख सेलिब्रिटीज में शामिल हैं :
दीया मिर्जा
कोंकणा सेन शर्मा
अनुराग कश्यप
फातिमा सना शेख
ईशा गुप्ता
उर्फी जावेद
उमर रियाज
कुणाल कामरा
हिमांशी खुराना
और कई अन्य टीवी कलाकार व इंफ्लुएंसर्स भी शामिल हैं।
इंस्टाग्राम पर किस राजनीतिक पार्टी के कितने फॉलोअर्स
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस – 13.3M
भारतीय जनता पार्टी – 8.7M
आम आदमी पार्टी- 1.9M
समाजवादी पार्टी – 870K
तृणमूल कांग्रेस – 537K
जनता दल यूनाइटेड – 416K
पार्टी का नारा और सदस्य बनने की शर्तें
CJP का नारा है: ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’। सदस्यता के लिए चार सरल योग्यताएं बताई गई हैं:
बेरोजगार होना
आलसी होना (डले रहो, पड़े रहो)
ऑनलाइन रहने की लत
प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता
मेनिफेस्टो में 5 बड़े वादे
अभिजीत दीपके ने पार्टी का घोषणापत्र भी जारी किया है, जिसमें व्यंग्य के साथ कुछ गंभीर मांगें शामिल हैं:
CJI समेत किसी भी जज को रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा न भेजा जाए।
महिलाओं को संसद और कैबिनेट में 50% आरक्षण (33% नहीं), बिना सांसदों की संख्या बढ़ाए।
वोट डिलीट करने पर मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA के तहत गिरफ्तारी।
अंबानी-अडाणी के मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द कर स्वतंत्र मीडिया को बढ़ावा।
दलबदल करने वाले विधायक/सांसद को 20 साल तक चुनाव लड़ने पर पाबंदी।
अभिजीत दीपके कौन हैं?
अभिजीत दीपके बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस की मास्टर्स कर रहे हैं। उन्होंने 2020-2023 के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर के रूप में काम किया था। वे कहते हैं कि युवा मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था से तंग आ चुका है। हिंदू-मुस्लिम मुद्दों के अलावा युवाओं को कुछ नहीं सुनाई दे रहा। वे व्यंग्य के जरिए अपनी नाराजगी जता रहे हैं।
अभिजीत का कहना है कि भारतीय Gen Z हिंसा नहीं करता, बल्कि मीम्स, रील्स और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहा है। वे जल्द भारत लौटकर इस आंदोलन को आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।
क्या है CJP का भविष्य?
फिलहाल यह कोई असली राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि एक व्यंग्यात्मक (satirical) आंदोलन है। लेकिन इतनी तेजी से बढ़ती लोकप्रियता दिखाती है कि युवा बदलाव चाहते हैं – ज्यादा रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वतंत्र संस्थाएं।कॉकरोच जनता पार्टी Gen Z की आवाज बनकर उभरी है, जो सोशल मीडिया के जरिए राजनीति पर सवाल उठा रही है। देखना होगा कि यह मजाक आगे चलकर कितना गंभीर आंदोलन बन पाता है।








