*आगरा में 226 अनुदेशकों को बांटे गए बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक, खिले चेहरे*
*- अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़कर हुआ 17,000, सीएम योगी का जताया आभार*
*- प्रदेश के 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों को 1 अप्रैल 2026 से मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय*
*- शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को 5 लाख तक की मुफ्त चिकित्सा और महिला अनुदेशकों को मातृत्व अवकाश*
*आगरा, 17 मई।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने के साथ- साथ शिक्षा जगत से जुड़े कर्मियों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आगरा के डॉ. भीम राव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित जेपी सभागार में एक भव्य ‘अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम’ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, होमगार्ड्स व नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति और विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार*
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी जेपी सभागार में उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में एक अभूतपूर्व बढ़ोतरी करते हुए इसे 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी रूप से 9,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर सीधे 17,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय से प्रदेश के 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस दौरान बढ़े हुए मानदेय का चेक प्राप्त कर अनुदेशकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार जताया।
*मुफ्त चिकित्सा सुविधा और मातृत्व अवकाश की बड़ी सौगात*
योगी सरकार ने अनुदेशकों और शिक्षकों को एक और बड़ा सुरक्षा कवच दिया है। अब शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही महिला अंशकालिक अनुदेशकों की गरिमा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उन्हें अब मानदेय सहित 06 माह का मातृत्व अवकाश भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में आगरा जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए 226 अनुदेशकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें से जनपद के प्रत्येक विकास खंड से आए अनुदेशक जितेंद्र सिंह (शमशाबाद), राजीव कुमार (बरौली अहीर), ओम निवास चाहर (खेड़ा राठौर), राधा वर्मा (सैंया), अविनाश कुमार (जगनेर), प्रभात कुमार (अकोला), हिम्मत सिंह (बिचपुरी), शिशिर कुमार (फतेहपुर सीकरी), प्रेमवीर सिंह (एत्मादपुर), देवेंद्र सिंह (पिनाहट), आशीष सिंह (फतेहाबाद), सुनील (जैतपुर कलां), अमित बरुआ (बाह), नरेश (अछनेरा) को मंच पर अतिथियों द्वारा डमी चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बधाई देते हुए कहा कि योगी सरकार समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। बुनियादी शिक्षा की नींव को मजबूत करने वाले हमारे अनुदेशकों के मानदेय में लगभग दोगुनी वृद्धि करना सरकार की नीयत और उनके प्रति सम्मान को दर्शाता है। 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा और महिला अनुदेशकों के लिए 6 महीने का सवैतनिक मातृत्व अवकाश मील का पत्थर साबित होगा। अब हमारे अनुदेशक और अधिक ऊर्जा व उत्साह के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटेंगे।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतरीन बनाने और राष्ट्र के निर्माताओं (शिक्षकों व अनुदेशकों) को उनका उचित हक व सम्मान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 9,000 रुपये से सीधे 17,000 रुपये प्रति माह की यह मानदेय वृद्धि अनुदेशकों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम है। बेसिक शिक्षा को सुदृढ़ करने में अनुदेशकों की भूमिका सराहनीय है और सरकार हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़ी है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की इस कल्याणकारी योजना का लाभ हर पात्र अनुदेशक तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इस अवसर पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डीसी मनरेगा रामायण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गौड़ सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।








