*अभियोजन कार्यों में तेजी लाकर अपराधियों को दिलाई जाए सख्त सजा*
*विद्यालयों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर रखें कड़ी निगरानी*
*पोक्सो एवं गैंगस्टर एक्ट के मामलों में सशक्त पैरवी कर दोषियों को कराया जाए दंडित*
एटा 14 मई ।जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों एवं नारकोटिक्स नियंत्रण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित अभियोजन प्रकरणों, पोक्सो एवं गैंगस्टर एक्ट के मामलों में प्रभावी पैरवी तथा मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में दोषियों को समयबद्ध एवं कठोर सजा दिलाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्यों में शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विवेचना के दौरान अकाट्य एवं वैधानिक साक्ष्यों को मजबूत करते हुए न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों को शीघ्र दंडित कराया जा सके।
बैठक में विशेष रूप से पोक्सो एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट के मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि संवेदनशील मामलों में अभियोजन एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण पैरवी करें। दोषियों को कठोर सजा दिलाने हेतु प्रत्येक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नारकोटिक्स नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए। युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने हेतु निरंतर अभियान चलाए जाएं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी अवैध रूप से अफीम, गांजा, भांग अथवा अन्य मादक पदार्थों की खेती पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभाग संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाएं।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अपराध एवं नशे के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाए, जिससे समाज में सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण स्थापित हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश,अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम योगेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन द्विजेंद्र पाल सिंह, आबकारी अधिकारी अनूप कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 इंद्रजीत सिंह,जिला कृषि अधिकारी डॉ0 मनवीर सिंह, डीजीसी फौजदारी रेस पाल सिंह सहित अन्य अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।








