आगरा के नए सिविल एन्क्लेव का निर्माण तेज, 60% कार्य पूरा, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*आगरा के नए सिविल एन्क्लेव का निर्माण तेज, 60% कार्य पूरा*

 

*- 75 एकड़ जमीन पर 343 करोड़ से आगरा में बन रहा अत्याधुनिक सिविल एन्क्लेव, पर्यटन को लगेंगे पंख*

 

*- अत्याधुनिक टर्मिनल से देशी- विदेशी पर्यटकों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा*

 

*- बाउंड्रीवाल का काम अंतिम चरण में, सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी कैमरे*

 

*- 79.31 करोड़ से बनेगा नया टैक्सी ट्रैक, उड़ानों की संख्या बढ़ने से यात्रियों का सफर होगा और भी आसान*

 

*आगरा, 02 मई।* उत्तर प्रदेश को एविएशन हब बनाने और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में विश्व प्रसिद्ध ताजनगरी आगरा में एक नए और अत्याधुनिक सिविल एन्क्लेव का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। योगी सरकार की प्राथमिकता वाले इस अहम प्रोजेक्ट पर कुल 343 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। चूंकि आगरा एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र है, इसलिए सरकार का पूरा फोकस यहां आने वाले देशी- विदेशी पर्यटकों को विश्वस्तरीय हवाई सुविधाएं देने पर है। पर्यटकों और शहरवासियों के लिए खुशी की बात यह है कि इस नए सिविल एन्क्लेव का 60 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

 

*पर्यटकों के सफर को सुगम बनाएगा नया टर्मिनल*

आगरा के इस नए सिविल एन्क्लेव को भव्य रूप देने के लिए धनौली, बल्हेरा और अभयपुरा गांवों की 75 एकड़ भूमि का उपयोग किया जा रहा है। इतनी विशाल जगह पर यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी आधुनिक इंतज़ाम किए जा रहे हैं। नए टर्मिनल के शुरू होने से आगरा आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका सफर आरामदायक होगा और ताजनगरी के पर्यटन उद्योग को नई उड़ान मिलेगी। एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए लगभग तीन किलोमीटर लंबी मजबूत बाउंड्रीवाल बनाई जा रही है, जिसका 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सुरक्षा के मद्देनजर इस पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

 

*छह माह में बनेगा नया टैक्सी ट्रैक*

नए टर्मिनल भवन के निर्माण के साथ-साथ एयरपोर्ट के विस्तार और विमानों की सुगम आवाजाही के लिए एक नए टैक्सी ट्रैक का निर्माण भी बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने इसके लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। यह महत्वपूर्ण कार्य ‘केसीसी बिल्डकान प्रा. लि.’ को मिला है। एयरपोर्ट के इस विस्तार के लिए 79.31 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है और इसे छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। टैक्सी ट्रैक रनवे के समानांतर एक ट्रैक होता है, जिसका उपयोग विमान की लैंडिंग या टेक-ऑफ के बाद रनवे को जल्दी खाली रखने के लिए किया जाता है। इसके बनने से रनवे पर विमानों का इंतजार कम होगा, उड़ानों की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी और पर्यटकों के समय की भारी बचत होगी।

 

*जल्द पूरा होगा काम: एयरपोर्ट निदेशक*

आगरा एयरपोर्ट के निदेशक विवेक शर्मा ने बताया कि आगरा में नए सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य बहुत ही तेजी से चल रहा है और अब तक 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। आगामी दो से तीन माह में यह कार्य पूरा हो जाएगा। तीन किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवाल का काम भी अंतिम चरण में है, जिस पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा एयरपोर्ट के विस्तार और टैक्सी ट्रैक बनाने के लिए केसीसी बिल्डकान प्रा. लि. को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। छह माह में इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य है। इससे आगरा एयरपोर्ट की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी और यहां आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Comment