*भीषण गर्मी व लू से बचाव हेतु जन-जागरूकता जरूरी: प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश*
*एटा 23 अप्रैल 2026(सू0वि0)।* जनपद में बीते दिनों से औसत तापमान 35°C के सापेक्ष बढ़कर लगभग 41°C दर्ज किया जा रहा है, जो अत्यधिक गर्मी की स्थिति को दर्शाता है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान 45°C से 47°C तक पहुंचने की संभावना है। इस भीषण गर्मी को देखते हुए जनसामान्य को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य ने बताया कि लू (हीट स्ट्रोक) से बचाव हेतु जनहित में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और सभी संबंधित विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
*लू लगने के कारण*
गर्मी के मौसम में शरीर में पानी एवं नमक की कमी होने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। विशेष रूप से निम्न स्थितियों में जोखिम अधिक रहता है—
शराब का सेवन, हृदय रोग, पुरानी बीमारियां, मोटापा, पार्किंसन रोग
अधिक आयु, अनियंत्रित मधुमेह
कुछ दवाओं जैसे डाययूरेटिक, एंटीहिस्टामिनिक व मानसिक रोग की औषधियां, हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण त्वचा का गर्म, लाल व शुष्क होना, पसीना न आना, तेज नाड़ी (पल्स) व सांस की गति बढ़ना
व्यवहार में परिवर्तन, भ्रम की स्थिति
सिरदर्द, चक्कर, मतली, कमजोरी
मूत्र में कमी या न होना शरीर पर प्रभाव अत्यधिक तापमान से मस्तिष्क व अन्य आंतरिक अंग प्रभावित होते हैं, हृदय के कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है, लंबे समय तक तेज गर्मी में रहने से मस्तिष्क क्षति का खतरा बढ़ता है
*क्या करें (बचाव के उपाय)*
अधिक से अधिक पानी पिएं, प्यास न लगे तब भी, हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें, धूप में निकलते समय छाता, टोपी, चश्मा का उपयोग करें, यात्रा में पानी साथ रखें, ओआरएस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, माड़ आदि का सेवन करें, प्रभावित व्यक्ति को छांव में लिटाकर ठंडे पानी से शरीर पोंछें और तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें, घर को ठंडा रखें, पर्दों व वेंटिलेशन का उपयोग करें, कार्यस्थलों पर ठंडे पानी की व्यवस्था रखें, श्रमसाध्य कार्य सुबह या शाम के समय करें, गर्भवती महिलाओं व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें
*क्या न करें*
बच्चों व पशुओं को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें, दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें भारी व गहरे रंग के कपड़े न पहनें, अत्यधिक गर्मी में कठिन कार्य न करें, बासी भोजन, अधिक प्रोटीन,अल्कोहल, चाय व कॉफी का सेवन न करें।
जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆








