नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय में 30 नवम्बर को होगा एक दिवसीय मेगा/वृहत् रोज़गार मेला–2026 का आयोजन।
प्रयागराज। नेहरू ग्राम भारती (डीम्ड टू बी) विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से दिनांक 30 नवम्बर 2026 (सोमवार) को विश्वविद्यालय के सरपतीपुर परिसर में एक दिवसीय “मेगा जॉब फेयर–2026” का आयोजन किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की औपचारिक घोषणा एवं विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति, माननीय प्रति-कुलपति, कुलसचिव, मेगा जॉब फेयर के अध्यक्ष एवं समन्वयक तथा क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज के अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के नेतृत्व ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उच्च शिक्षा को उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमता, कौशल विकास एवं व्यावसायिक उन्नति को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस मेगा जॉब फेयर में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, रिटेल, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, वेयरहाउसिंग तथा अन्य सेवा क्षेत्रों की लगभग “25 कंपनियों” के प्रतिभाग करने की संभावना है। इसमें विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी, स्नातक एवं परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी, डिप्लोमा धारक तथा अन्य पात्र युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार, प्रशिक्षु अवसर एवं अन्य रोजगार संबंधी संभावनाएँ उपलब्ध होने की अपेक्षा है।
क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज के प्रतिनिधियों ने इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों एवं रोजगार कार्यालयों के बीच इस प्रकार का समन्वय युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होता है। यह आयोजन अभ्यर्थियों को सीधे कंपनियों के मानव संसाधन प्रतिनिधियों से संवाद एवं साक्षात्कार का अवसर प्रदान करेगा।
वृहत् रोज़गार मेला के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार तिवारी एवं समन्वयक शांतनु खरे, प्रभारी, कॉर्पोरेट रिसोर्स सेल (CRC) ने आयोजन की तैयारियों, कंपनियों के साथ समन्वय तथा अभ्यर्थियों की सहभागिता से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की। इस आयोजन की समस्त विश्वविद्यालय स्तरीय तैयारियों का समन्वय कॉर्पोरेट रिसोर्स सेल द्वारा क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।
आयोजन का विवरण:-
– दिनांक 30 नवम्बर 2026 (सोमवार)
– स्थान मानस फार्म,नेहरू ग्राम भारती (डीम्ड टू बी) विश्वविद्यालय, सरपतीपुर परिसर, प्रयागराज
– आयोजक कॉर्पोरेट रिसोर्स सेल (CRC), NGBDU
– सहयोगी संस्था क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश सरकार
– पंजीकरण एवं सहभागिता शुल्क पूर्णतः निःशुल्क
विश्वविद्यालय की ओर से सभी पात्र विद्यार्थियों, उत्तीर्ण अभ्यर्थियों एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से अपील की जाती है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ तथा मेगा जॉब फेयर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का समापन उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों, क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के अधिकारियों एवं सभी गणमान्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
राम आसरे
















