*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 29 नवम्बर को अलीगढ़ मण्डल के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा*
*मण्डलायुक्त/रोल प्रेक्षक ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं सूची का सत्यापन करने की अपील की*
अलीगढ़, 28 नवम्बर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दिनांक 29 नवम्बर, 2026 को अलीगढ़ मण्डल के जनपद अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे तथा नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
मण्डलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक श्री ओ. पी. आर्य, आईएएस ने मण्डल के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान दिवस के दौरान अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, अथवा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन अपेक्षित है, तो निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसकी प्रभावी सुनिश्चितता के लिए मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है।
मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से ऐसे युवाओं, जिन्होंने निर्धारित अर्हता प्राप्त कर ली है, महिलाओं, स्थान परिवर्तन करने वाले नागरिकों तथा अन्य पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अभियान दिवस पर अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा आवश्यकता होने पर नाम सम्मिलित कराने अथवा विवरण संशोधित कराने हेतु आवेदन करें।
मण्डलायुक्त ने चारों जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित रहे तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप संपादित किया जाए। साथ ही मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
मण्डलायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना निष्पक्ष एवं सुदृढ़ लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी पात्र नागरिकों की सहभागिता से ही मतदाता सूची को विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकता है। रोल प्रेक्षक ने मण्डल के जनपद अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज के समस्त नागरिकों से अपील है कि दिनांक 29 नवम्बर, 2026 को आयोजित विशेष अभियान दिवस में सक्रिय सहभागिता करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
















