बटेश्वर की विरासत: सिर्फ मेले की औपचारिकता नहीं, समग्र विकास की दरकार
ताज महोत्सव की चमक के बीच ऐतिहासिक लोक मेले पर लगा उपेक्षा का ग्रहण छटना जरूरी
विशेष रपट कर्ता
बटेश्वर।उत्तर भारत की आस्था, संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का जीवंत प्रतीक रहा बटेश्वर मेला एक और वर्ष की स्मृतियों के साथ संपन्न हो गया। यमुना के अर्धचंद्राकार तट पर स्थित 101 शिव मंदिरों की श्रृंखला और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली होने का गौरव समेटे यह क्षेत्र सदियों से लोक जीवन की धड़कन रहा है। किंतु, मेले के समापन पर उभरी सरकारी और गैर-सरकारी समीक्षाओं का विरोधाभास हमें यह सोचने पर विवश करता है कि क्या हम केवल भीड़ नियंत्रित कर लेने को ही मेले की सफलता मान बैठे हैं?
एक दौर था जब समूचे आगरा जनपद और आसपास के राज्यों की सांस्कृतिक व व्यापारिक धड़कन केवल बटेश्वर मेले से ही चलती थी। यही वह मंच था जो पूरे क्षेत्र के उत्सव और लोककला का मुख्य केंद्र हुआ करता था। लेकिन विडंबना देखिए कि जब से आगरा में ‘ताज महोत्सव’ की भव्य शुरुआत हुई है, तब से प्रशासनिक और सरकारी तंत्र का सारा ध्यान, बजट और ग्लैमर शहर की चकाचौंध में ही सिमट कर रह गया है। ताज महोत्सव की बढ़ती चमक के बीच बटेश्वर की इस ऐतिहासिक विरासत पर जो उपेक्षा का ‘ग्रहण’ लगा है, वह दशकों बाद भी छटता नहीं दिखता। ग्रामीण लोक संस्कृति के इस असली केंद्र को हाशिए पर डालकर शहरी आयोजनों को तरजीह देना न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था के साथ अन्याय है, बल्कि अपनी जड़ों से कटने जैसा भी है।
सरकारी फाइलों में भले ही मेला सकुशल संपन्न हो गया हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि ऐतिहासिक पशु मेला साल दर साल सिमटता जा रहा है। जब मेले के औपचारिक उद्घाटन से पूर्व ही पशुपालक और व्यापारी अव्यवस्थाओं से त्रस्त होकर लौटने लगें, तो यह प्रशासनिक दूरदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। सबसे चिंताजनक पहलू ‘स्थानीयता की उपेक्षा’ है। किसी भी लोक मेले की आत्मा वहां की स्थानीय संस्कृति, बोली, हस्तशिल्प और स्थानीय निवासियों की भागीदारी में बसती है। यदि आयोजन के ठेकों से लेकर सांस्कृतिक मंचों तक स्थानीय लोगों को हाशिए पर रखा जाएगा, तो मेला अपनी मौलिकता खोकर महज एक सरकारी रस्म अदायगी बनकर रह जाएगा।
अब समय आ गया है कि बटेश्वर को वर्ष में केवल पंद्रह-बीस दिनों के मेले के नजरिए से देखने के बजाय ‘विकसित बटेश्वर’ के दीर्घकालिक विजन पर काम हो। आखिर कैसा हो विकसित बटेश्वर का कल?
पहला, बटेश्वर को राजस्थान के पुष्कर की तर्ज पर एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक और ग्रामीण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। आगरा आने वाला वैश्विक पर्यटक ताजमहल देखने के बाद बटेश्वर के मंदिरों, चंबल की वादियों और अटल जी की स्मृतियों से जुड़ सके, इसके लिए सुगम परिवहन और आधुनिक आवासीय सुविधाएं अनिवार्य हैं।
दूसरा, स्थानीय अर्थव्यवस्था को केंद्र में रखना होगा। भदावर और बाह क्षेत्र के युवाओं, लोक कलाकारों, कारीगरों और स्थानीय व्यापारियों के लिए स्थायी हाट और प्रशिक्षण केंद्र बनें, ताकि मेले और पर्यटन का सीधा आर्थिक लाभ स्थानीय जनता को मिले।
तीसरा, पशु मेले के पुनरुद्धार के लिए आधुनिक पशु चिकित्सालय, पारदर्शी पंजीकरण प्रणाली और पशुपालकों के लिए स्थायी शेड व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यमुना की अविरलता और घाटों की स्थायी स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
बटेश्वर केवल ईंट-पत्थरों के मंदिरों या पशुओं के क्रय-विक्रय का स्थान नहीं है, यह हमारी जीवंत विरासत है। नीति निर्माताओं को समझना होगा कि जब तक विकास के इस मॉडल में ‘स्थानीयता’ को सम्मान और भागीदारी नहीं मिलेगी, और ताज महोत्सव जैसी ही प्राथमिकता बटेश्वर को नहीं दी जाएगी, तब तक विकसित बटेश्वर का सपना अधूरा ही रहेगा।
















