*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 21 एवं 22 नवम्बर को सभी मतदेय स्थलों पर लगेंगे विशेष अभियान कैम्प* 
—————————————–
*प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, पात्र एवं युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्राप्त किए जाएंगे फार्म*
—————————————-
*मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित पात्र नागरिक विशेष कैम्प का उठाएं लाभ: उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह*
*एटा, 20 नवम्बर 2026 (सू0वि0)।* उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से छूटे हुए पात्र नागरिकों एवं प्रथम बार मतदान के लिए अर्ह युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु जनपद में 21 एवं 22 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 103-अलीगंज, 104-एटा, 105-मारहरा एवं 106-जलेसर (अ0जा0) के समस्त मतदेय स्थलों पर प्रथम विशेष अभियान दिवस 21 नवम्बर (शनिवार) तथा द्वितीय विशेष अभियान दिवस 22 नवम्बर (रविवार) को आयोजित होगा। इन दोनों दिनों में जनपद के सभी 1636 बीएलओ पर्याप्त मात्रा में आवेदन फार्म के साथ अपने-अपने बूथ पर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा पात्र नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
उक्त अभियान को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जनपद में तैनात 165 बीएलओ सुपरवाइजर्स, 04 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 19 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को पुनरीक्षण संबंधी कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र एवं वंचित नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराया जा सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान दिवसों पर अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की कार्यवाही अवश्य पूर्ण कराएं। नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य प्रविष्टियों के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला मुख्यालय पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित है। मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 अथवा जिला मुख्यालय के दूरभाष नंबर 05742-233312 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विशेष अभियान दिवसों में आवेदन करते समय नागरिक अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आएं। साथ ही, यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध हो, तो उसे भी प्रस्तुत करें, जिससे पंजीकरण की प्रक्रिया सुगम हो सके।














