*विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, 165 सेक्टर ऑफिसर एवं 165 पुलिस सेक्टर ऑफिसर तैनात*
*संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का करेंगे सत्यापन, पीपीटी के माध्यम से दिया गया समन्वयक प्रशिक्षण*
एटा,13 नवम्बर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली द्वारा निर्वाचन संबंधी तैयारियों को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस लाइन एटा में सेक्टर ऑफिसर एवं पुलिस सेक्टर ऑफिसर का समन्वयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनपद में निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन हेतु 165 सेक्टर ऑफिसर एवं 165 पुलिस सेक्टर ऑफिसर की तैनाती की गई है। इनके अतिरिक्त 19-19 सेक्टर ऑफिसर एवं पुलिस सेक्टर ऑफिसर रिजर्व में रखे गए हैं। तैनात अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का सत्यापन करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वहां पेयजल, विद्युत व्यवस्था, रैंप, चारदीवारी/बाउंड्रीवॉल, मतदान स्थलों के कक्षों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करें। साथ ही मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता एवं अतिसंवेदनशीलता से संबंधित स्थिति का भी आकलन करें। निरीक्षण के उपरांत सभी अधिकारी अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराएंगे, जिससे कमियों को समय रहते दूर कराया जा सके।
कार्यक्रम में पीपीटी के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्वाचन संबंधी दायित्वों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों की गंभीरता से अवगत कराते हुए निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का भली-भांति अध्ययन कर लें तथा क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻














