चोपन सोन नदी छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
15 एवं 16 नवंबर को होगा छठ महापर्व का भव्य आयोजन, समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़ ने घाट का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट सत्यदेव पांडे बीएमएफ ब्यूरो चीफ सोनभद्र
चोपन/सोनभद्र। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर चोपन स्थित सोन नदी के पावन तट पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आगामी 15 एवं 16 नवंबर को आयोजित होने वाले छठ महापर्व को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत चोपन द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां कराई जा रही हैं। नगर पंचायत प्रशासन का विशेष ध्यान छठ व्रतियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर है। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाट परिसर में व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। वहीं रात्रि में रुकने वाली महिलाओं एवं श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था के साथ रजाई, गद्दे आदि का इंतजाम किया गया है। ठंड से बचाव के लिए विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूरे छठ घाट परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। साथ ही घाट परिसर में निगरानी टावर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके अतिरिक्त घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि रात्रि में भी श्रद्धालुओं को आवागमन और पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़ ने चोपन सोन नदी छठ घाट पहुंचकर महापर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर में चल रहे कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने, साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। नगर पंचायत चोपन द्वारा छठ महापर्व को लेकर की जा रही तैयारियों से घाट परिसर को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि यहां आने वाले प्रत्येक छठ व्रती एवं श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो। नगर पंचायत प्रशासन ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ महापर्व के दौरान निर्धारित सुरक्षा एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें तथा आपसी सहयोग से इस पावन पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न कराएं।इस मौके पर उप जिलाधिकारी रवि पासवान, अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष संजय केसरी, प्रदीप अग्रवाल, विकास चौबे,दिव्यविकास सिंह, सलीम कुरैशी, नागेंद्र यादव, विनीत जाटव, अनिकेत रावत, अनिल जायसवाल, अरुण कुमार, रामपरीखा विश्वकर्मा, घनश्याम चौधरी, नरेश यादव, सावित्री देवी, पंकज बिन्द इत्यादि लोग उपस्थित रहे।














