कालपी बार संघ के अध्यक्ष की निर्मम हत्या के विरोध में एटा के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
एटा। कालपी बार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री गयादीन अहिरवार की जघन्य हत्या की घटना से अधिवक्ता समाज में भारी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। इस हृदयविदारक घटना के विरोध में आज कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, एटा के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), एटा के माध्यम से प्रेषित कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई किए जाने तथा अधिवक्ता समाज की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ होने के बावजूद आज अधिवक्ता स्वयं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। न्यायिक एवं विधिक कार्यों के निर्वहन के दौरान अधिवक्ताओं पर लगातार हो रहे हमले अत्यंत चिंताजनक हैं। कालपी बार संघ के अध्यक्ष की हत्या संपूर्ण अधिवक्ता समाज पर हमला है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (Advocate Protection Act) शीघ्र प्रभाव से लागू किए जाने, अधिवक्ताओं एवं उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने तथा दिवंगत अधिवक्ता के परिजनों को न्याय एवं समुचित सहायता प्रदान किए जाने की पुरजोर मांग की गई।
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, एटा ने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए बार एसोसिएशन पूरी एकजुटता के साथ संघर्षरत रहेगी। साथ ही शासन से अपेक्षा की कि इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेकर प्रदेश के अधिवक्ता समाज में व्याप्त भय एवं असुरक्षा के वातावरण को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, एटा
अधिवक्ता एकता – अधिवक्ता सुरक्षा – अधिवक्ता सम्मान














