*‘सबसे ऊँचे सरदार’ थीम पर भाजपा ओबीसी मोर्चा आगरा महानगर एवं जिला इकाई ने संयुक्त रूप से मनाई सरदार पटेल जी की 151वीं जयंती*
*जयंती की पूर्व संध्या पर कोठी मीना बाजार स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल जी के प्रतिमा स्थल पर किया गया भव्य आयोजन*
आगरा,। लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा आगरा महानगर एवं जिला इकाई द्वारा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार ‘सबसे ऊँचे सरदार’ थीम पर भव्य कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन किया गया। कोठी मीना बाजार स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा 1100 दीपक प्रज्वलित कर उनके प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बंटी बघेल ने कहा कि ‘सबसे ऊँचे सरदार’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल जी के महान व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति उनके समर्पण तथा देश की रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी का जीवन और उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। विशेष रूप से नई पीढ़ी को उनके विचारों एवं राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि युवा उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा सकें।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुकेश राजपूत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी का जीवन हमें सिखाता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल जी ने भारत को एक मजबूत एवं एकजुट राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बंटी बघेल, जिला अध्यक्ष मुकेश राजपूत सहित आगरा महानगर एवं जिला इकाई के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
















