*जनगणना-2027 को जनभागीदारी का अभियान बनाने में जुटा जिला प्रशासन, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने वाहनों पर लगाए जागरूकता स्टीकर*
*जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से जनगणना में सक्रिय सहभागिता करने एवं सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की*
एटा, 30 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जनगणना-2027 को सफल, प्रभावी एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने तथा इसके प्रति आमजन में व्यापक जागरूकता प्रसारित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई है। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व),अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्वयं अपने हाथों से अपने सरकारी वाहनों पर जनगणना-2027 से संबंधित जागरूकता स्टीकर लगाकर प्रचार अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अपेक्षित है, देश में प्रथम बार डिजिटल जनगणना की जा रही है,द्वितीय चरण में दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर के मध्य स्वगणना करके इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बन सकते हैं इस के लिए se. census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं सभी लोग जनगणना के महत्व को समझें, प्रशासन को आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें तथा अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य वर्गों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों एवं संसाधनों के बेहतर नियोजन का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। इसलिए इसे केवल प्रशासनिक कार्य न समझकर जनहित से जुड़ा सामूहिक दायित्व मानते हुए सभी नागरिक अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन की इस पहल के माध्यम से अधिकारियों के वाहनों पर लगाए गए जागरूकता स्टीकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान जन-जन तक जनगणना का संदेश पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य जनगणना-2027 को व्यापक जनसहयोग और जागरूकता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻















