*जनपद स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन 28 अक्टूबर को*
*लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक, पेंटिंग एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा*
*एटा, 27 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)।* युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, एटा द्वारा विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (बी.वी.वाई.एल.डी.)-2026 के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, स्काउट हॉल, एटा में किया जाएगा। उत्सव का उद्देश्य जनपद के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतिभागियों की आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जनपद एटा का निवासी होना अथवा जनपद में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में प्रतिभाग कर सकेगा। इसके अतिरिक्त, प्रतिभाग करने से पूर्व माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
युवा उत्सव के अंतर्गत लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह, एकांकी नाटक, पेंटिंग एवं कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। लोकनृत्य एवं लोकगीत समूह प्रतियोगिताओं में 7 प्रतिभागियों तथा 3 संगतकर्ताओं सहित कुल 10 सदस्य भाग ले सकेंगे। इन दोनों विधाओं में प्रस्तुति की अवधि 5 से 8 मिनट निर्धारित की गई है। एकांकी नाटक में अधिकतम 10 प्रतिभागी भाग ले सकेंगे तथा प्रस्तुति की अधिकतम अवधि 7 मिनट होगी। पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 6 घंटे और कविता लेखन के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। एकांकी नाटक एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं में हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में प्रतिभाग किया जा सकेगा। समूह विधाओं में संगतकर्ताओं की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर विजेता प्रतिभागी माह नवंबर 2026 में आयोजित होने वाले मंडल एवं राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे। राज्य स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी 2027 को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर माननीय प्रधानमंत्री जी के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु भारत मंडपम, नई दिल्ली जाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने के उपरांत अपना आवेदन कार्यालय जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, द्वितीय तल, विकास भवन, अलीगंज रोड, एटा में 26 अक्टूबर 2026 को सायं 5:00 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन ई-मेल dsodprdandyouthatah@gmail.com पर भी भेजा जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8373086600 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग ने जनपद के युवाओं से अपील की है कि वे युवा उत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और अपनी प्रतिभा के माध्यम से जनपद का नाम रोशन करें।















