एटा मैनपुरी फर्रुखाबाद को मिलाकर बनाया जाएगा धार्मिक कॉरिडोर … केशव प्रसाद मौर्य
( विधानसभा चुनाव से पहले बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा हो सकता है ब्लॉक घोषित )
सराय अगहत ( अलीगंज एटा )
जिले के निकटवर्ती जनपद फर्रुखाबाद बॉर्डर एवं जनपद एटा की तहसील अलीगंज के कस्बा सराय अगहत से आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा फर्रुखाबाद के धम्म लोको बुद्ध विहार परिसर स्थित मेला पांडाल में चल रहे श्री बुद्ध महोत्सव के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आज सोमवार को आगमन हुआ । निर्धारित समय से लगभग पैंतालीस मिनट विलंब से पहुंचे प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने बोलते हुये कहा कि माननीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश के सभी बौद्ध तीर्थ स्थलों का विकास हो रहा है । उसी श्रृंखला में 2017 के बाद से संकिसा का चहमुखी विकास हुआ है । इस अवसर पर फर्रुखाबाद लोकसभा से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के द्वारा संकिसा को ब्लॉक बनाने की माँग करने पर प्रदेश की उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रावली तैयार हो चुकी है तथा हो सकता है कि संकिसा को विधानसभा चुनाव से पहले ही ब्लॉक बनाने की घोषणा सरकार द्वारा की जाए । उन्होंने आगे बताया कि इसके साथ साथ एटा फर्रुखाबाद और मैनपुरी को मिलाकर एक धार्मिक कॉरिडोर बनाया जाएगा तथा संकिसा और नीम करौली धाम से जुड़ी सभी सड़कों को फॉर लेन में तब्दील किया जाएगा । आज उन्होंने अपने संकिसा आगमन पर चर्चा करते हुए बताया कि जनपद फर्रुखाबाद की अमृतपुर विधानसभा से भाजपा विधायक सुशील शाक्य द्वारा गत रविवार की गई कॉल पर वह कल तो नहीं आ सके, लेकिन आज सोमवार को समय निकाल कर वह संकिसा आए हैं ! उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विलंब से आने के पश्चात कार्यक्रम स्थल संकिसा पर मात्र चालीस मिनट ही रुके एवं संक्षेप में अपना सम्मान कराने के बाद वह जल्द ही सैफई इटावा के लिए निकल गए । क्योंकि वह मोहम्दाबाद हवाई पट्टी खराब होंने के कारण सैफई हवाई पट्टी पर उतर कर सड़क मार्ग से संकिसा आए थे । कार्यक्रम में पूर्व विधायक ममतेश शाक्य भी मौजूद रहे ।















