सिविल सर्जन गिरिडीह ने की प्रेसवार्ता ,एचपीवी वैक्सीन अभियान की दी जानकारी

अमित अग्रवाल गिरिडीह झारखंड

गिरिडीह : भारत सरकार के निर्देश पर देशभर में 28 मार्च से शुरू हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अभियान की झारखंड में 30 मार्च से शुरुआत हो चुकी है। यह वैक्सीन महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव के लिए बेहद कारगर है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, एचपीवी वायरस ही इस कैंसर का मुख्य कारण है, जो भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है।
जिले के सिविल सर्जन डॉ. बचन सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं को निःशुल्क वैक्सीन दी जा रही है। टीकाकरण गिरिडीह सदर अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, उच्च गुणवत्ता वाली है और एक ही डोज भविष्य में एचपीवी संक्रमण से होने वाले कैंसर से स्थायी सुरक्षा प्रदान करती है।
जिले में अभी 14,500 डोज उपलब्ध हैं, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को लाभ मिल सके। अभिभावकों से अपील है कि बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं और टीकाकरण कराएं। आधार कार्ड या आयु प्रमाण-पत्र साथ लाना जरूरी है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर टीका न केवल गंभीर बीमारी से बचाव करेगा, बल्कि बेटियों का भविष्य भी सुरक्षित करेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी से जागरूकता फैलाने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment