**मेडिकल कॉलेज एटा में एमबीबीएस बैच 2026-27 का व्हाइट कोट सेरेमनी एवं चरक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित**
आज दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को
वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज , एटा में प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह के मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में एमबीबीएस बैच 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी एवं चरक शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एवं फैकल्टी सदस्यों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत प्रधानाचार्य एवं समस्त फैकल्टी सदस्यों ने विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर चिकित्सा सेवा के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया तथा शरीर रचना विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक पराशर ने विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल एक डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने का संकल्प है। विद्यार्थियों को अनुशासन एवं मर्यादा में रहकर पूर्ण निष्ठा से अध्ययन करना चाहिए तथा अपने आचरण में ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवाभाव को सदैव सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक आदर्श चिकित्सक वही है, जो रोगी का उपचार करने के साथ-साथ उसके प्रति सहानुभूति, सम्मान एवं मानवीय संवेदना भी रखता है। व्हाइट कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। अतः सभी विद्यार्थी चिकित्सा व्यवसाय की गरिमा बनाए रखते हुए भविष्य में कुशल, नैतिक एवं संवेदनशील चिकित्सक बनने का संकल्प लें।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंजरी कुमारी सहायक आचार्य एवं संस्कृतिक कार्यक्रम ने किया। इस अवसर पर डॉ. संतोष कुमार संत आचार्य, डॉ. हेमा वार्ष्णेय आचार्य एवं एमईयू कोऑर्डिनेटर,डॉ. प्रशांत भारद्वाज, डॉ. जोगेंद्र कुमार, डॉ. अंकिता शर्मा, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. रविंद्र, डॉ. प्रगति इलामरान सहित समस्त फैकल्टी सदस्य, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।















