*नवीन संत भवन शिलान्यास एवं वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव की तैयारियों को लेकर आगरा जैन परिषद की बैठक हुई*
*24 अक्टूबर को आचार्यश्री ससंघ का होगा मंगल प्रवेश, 26 अक्टूबर को होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन*
आगरा। आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य नवीन संत भवन शिलान्यास समारोह, वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, त्यागवृत्ति सम्मान एवं क्षमावाणी महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर,अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी, आगरा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषद के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न विषयों पर विचार- विमर्श किया।इस दौरान कार्यक्रम से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए परिषद के उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन एडवोकेट ने बताया कि 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। कार्यक्रम में जैन समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आयोजन में सहभागिता करने की अपील की। परिषद के महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत नवीन संत भवन का शिलान्यास, वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, त्यागवृत्ति सम्मान एवं क्षमावाणी महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।इन आयोजनों का उद्देश्य धर्म प्रभावना के साथ समाज में धार्मिक संस्कारों एवं एकता की भावना को मजबूत करना है।वहीं, परिषद के अर्थमंत्री राकेश जैन पदेर्वाले ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, संतों के स्वागत एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए परिषद के पदाधिकारी और समाज के लोग मिलकर कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम के अंतर्गत 24 अक्टूबर को शाम 4 बजे आचार्यश्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश होगा।मंगल विहार श्री अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर, मोती कटरा से प्रारंभ होकर बैंड-बाजों एवं श्रद्धालुओं की अगवानी के साथ श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी पहुंचेगा। आचार्यश्री ससंघ के पावन सान्निध्य में 26 अक्टूबर को प्रस्तावित धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे।इस आयोजन को लेकर आगरा के जैन समाज में विशेष उत्साह का माहौल है। परिषद के पदाधिकारियों ने समाज के सभी श्रद्धालुओं से मंगल प्रवेश एवं आगामी धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।बैठक में मनीष जैन,लवली जैन,कुमार मंगलम जैन,सचिन जैन,प्रदीप रांवका, संदीप जैन,सचिन जैन,मीडिया प्रभारी शुभम सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















