यासीन खान की खास रिपोर्ट।
स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने अधिवक्ताओं से मांगा समर्थन।

चुनार/मीरजापुर। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने चुनार नगर एवं तहसील क्षेत्र का दौरा कर अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कचहरी परिसर पहुंचकर अधिवक्ता बंधुओं से मुलाकात की और आगामी विधान परिषद चुनाव में समर्थन की अपील की।
आशुतोष सिन्हा ने कहा कि स्नातक मतदाताओं, युवाओं, अधिवक्ताओं एवं शिक्षित वर्ग की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए शिक्षा, रोजगार, युवाओं के भविष्य तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने चुनार नगर क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर स्नातक मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। उनके साथ समाजवादी पार्टी के युवा नेता एवं समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिला महासचिव मोहम्मद नसीम खान सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनसंपर्क के दौरान आशुतोष सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान कर उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनने की अपील की।
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने मीरजापुर जिला कचहरी परिसर में भी अधिवक्ताओं से संपर्क किया और चुनाव में सहयोग एवं समर्थन मांगा। इस दौरान अधिवक्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चा होती रही।















