मीरजापुर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट।
चुनार के जगन्नाथपुर में 15 वर्षों से अटूट है माता के प्रति आस्था, दुर्गा पूजा समिति दे रही है सामाजिक एकता का संदेश।

मीरजापुर। तहसील चुनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जगन्नाथपुर में मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। यहां गांव में पिछले 15 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा समिति का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
जय माता दी के जयकारों के साथ भक्तों का स्वागत और अभिनंदन किया जाता है। पंडाल में प्रवेश करते ही भक्तिमय माहौल से आयोजन में ग्रामीणों की आस्था और सहभागिता का अंदाजा लगाया जा सकता है। समिति के माध्यम से ग्रामीणों द्वारा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले डेढ़ दशक से आयोजित हो रही यह दुर्गा पूजा अब गांव की धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा का हिस्सा बन चुकी है। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां भक्ति की अविरल धारा बहती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं तथा अपने परिवार और पूरे समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सुरेश यादव हैं। उनके नेतृत्व में जगन्नाथपुर की दुर्गा पूजा समिति पिछले 15 वर्षों से लगातार धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देती आ रही है। यहां जात-पात से ऊपर उठकर पूरा गांव एक साथ मिलकर माता रानी की सेवा करता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आने वाले वर्षों में इस परंपरा को और भी भव्य रूप से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि जगन्नाथपुर की यह दुर्गा पूजा पूरे चुनार क्षेत्र में मिसाल बने।














