*125 श्रद्धालुओं की पावन धार्मिक यात्रा गुरुद्वारा बंदी छोड़ ग्वालियर व मचकुंड धौलपुर के लिए रवाना*
आगरा। सुखमनी सेवा सभा के तत्वावधान में वीर महेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में 125 श्रद्धालुओं की पावन धार्मिक यात्रा गुरुद्वारा गुरु का बाग, मधु नगर से गुरुद्वारा बंदी छोड़ ग्वालियर एवं गुरुद्वारा मचकुंड, धौलपुर के लिए रवाना हुई। यात्रा से पूर्व गुरुद्वारा गुरु का बाग में गुरु महाराज के चरणों में अरदास की गई। इसके बाद दो बसों से संगत ने जयकारों की गूंज के बीच प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान संगत ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ चाय का प्रसाद ग्रहण किया तथा गुरु महाराज के चरणों में नमन कर अरदास की। संगत द्वारा शब्द-कीर्तन एवं गुरु सिमरन करते हुए गुरु का शुकराना किया गया। श्रद्धालुओं में धार्मिक यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान संगत द्वारा गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़, ग्वालियर में दर्शन किए जाएंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी स्थान पर सिख धर्म के छठे गुरु, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने जहांगीर की कैद से 52 राजाओं को मुक्त कराया था। इसी कारण यह स्थान ‘दाता बंदी छोड़’ के नाम से प्रसिद्ध है। इसके साथ ही संगत गुरुद्वारा मचकुंड, धौलपुर में भी दर्शन करेगी। बताया जाता है कि गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने इस स्थान पर एक खूंखार शेर का शिकार किया था, जिसने कई लोगों को अपना शिकार बनाया था। संगत द्वारा यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं गुरु घरों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा। धार्मिक यात्रा में संजय जटाना, गुरमीत सिंह सेठी, श्याम भोजवानी, अमरजीत सिंह वाधवा, जसविंदर सिंह, बिट्टू चावला, गुरमुख वयानी, राजू मक्कर, देवेंद्र सिंह जुल्का, जयराम नागरानी, संजय धर्माणी, बाबू वयानी, मोहित वयानी, कोरानी परिवार, देवेंद्र पाल सिंह, सनी अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में संगत शामिल रही।














